Bihar election 2025:बिहार की राजनीति में नई हलचल मच गई है.जन सुराज के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (पीके) ने संकेत दिए हैं कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनाव लड़ते हैं तो वे भी मैदान में उतरेंगे. हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनके चुनाव लड़ने का फैसला पार्टी ही करेगी ।
चुनावी सियासत को लेकर क्या है PK की राय
प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर नीतीश कुमार चुनाव लड़ते हैं तो निश्चित तौर पर मैं भी चुनाव लडूंगा । मैंने पहले भी कहा है कि मैं पार्टी के ऊपर नहीं हूं। हमारी पार्टी जिस उम्मीदवार के खिलाफ कहेगी,वहीं से चुनाव लड़ूंगा । अगर तेजस्वी यादव के खिलाफ पार्टी कहेगी तो वहां से भी उतरने को तैयार हूं,लेकिन बाकी जगहों से लड़ने का कोई मतलब नहीं।
इन सीटों पर किस्मत आजमाएंगे प्रशांत
पीके ने अपनी संभावित सीटों के भी इशारे दे दिए हैं.उन्होंने कहा कि अगर जन्मभूमि से चुनाव लड़ा तो सासाराम या करगहर से उतरना उचित होगा, जबकि कर्मभूमि के लिहाज से राघोपुर उनकी पहली पसंद होगी.पीके के मुताबिक, “जहां से भी मैं चुनाव लड़ूंगा, वह सीट वीआईपी सीट में तब्दील हो जाएगी।”
सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी जन सुराज
जन सुराज पहले ही 2025 विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर चुका है, लेकिन यह साफ नहीं था कि पार्टी का चेहरा खुद प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में उतरेंगे या नहीं ।
अब उनके ताजा बयान के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि पीके नीतीश कुमार की चुनावी रणनीति को सीधी चुनौती देंगे। 20 साल से खुद चुनाव न लड़ रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगर मैदान में उतरते हैं तो बिहार की सियासत में बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है