Bihar Politics : बिहार की राजनीति में शुक्रवार को हुआ विभागीय बंटवारा सिर्फ एक प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि सत्ता-संतुलन के बदलते समीकरणों का संकेतक भी है। लगभग 20 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है कि राज्य का सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालय गृह विभाग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों से निकल गया. अब ये बीजेपी के पास है और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब इसके प्रभारी होंगे। महज विभागों में हुआ यह बदलाव सिर्फ विभागों की अदला-बदली नहीं, बल्कि बिहार की भविष्य की राजनीति और शासन-व्यवस्था की दिशा तय करने वाला फैसला है।
लंबे समय से जेडीयू-बीजेपी गठबंधन में बीजेपी भले ही बड़ा राजनीतिक चेहरा रही हो, पर शासन की ड्राइविंग सीट नीतीश कुमार के पास ही रहती थी। गृह मंत्रालय इसका सबसे बड़ा प्रतीक था, जो मुख्यमंत्री ने कभी हाथ से नहीं जाने दिया। लेकिन इस बार तस्वीर अलग है। बिहार विधानसभा में 89 सीटों के साथ बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है, और उसी ताकत की झलक अब सत्ता-साझेदारी में दिख रही है। गृह मंत्रालय का मिलना दर्शाता है कि बीजेपी अब केवल सहयोगी दल नहीं, बल्कि सत्ता की धुरी है। क्योंकि राज्य की कानून व्यवस्था जैसे संवेदनशील क्षेत्र में उसकी सीधी भागीदारी होगी। यह फैसला गठबंधन के भीतर शक्ति-संतुलन के पुनर्मूल्यांकन की ओर संकेत करता है। सम्राट चौधरी का बयान कि वे नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए काम को आगे बढ़ाएंगे उनका राजनीतिक विनम्रता है, लेकिन यह भी स्पष्ट करता है कि दोनों दल अब संयुक्त शासन का एक नया मॉडल बना रहे हैं।
नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन में कई बार एनडीए, महागठबंधन और फिर एनडीए इधर-उधर किया, लेकिन गृह मंत्रालय पर उनकी पकड़ कभी ढीली नहीं पड़ी। अब देखें तो इसका कारण भी सरल है कानून-व्यवस्था ही शासन की रीढ़ है, और यह मंत्रालय किसी भी मुख्यमंत्री के लिए वास्तविक शक्ति का पर्याय है। लिहाजा जब 20 साल बाद गृह विभाग बीजेपी को मिलता है, तो यह सिर्फ राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि नीतीश कुमार की रणनीतिक स्वीकारोक्ति है कि गठबंधन में अब बीजेपी की हिस्सेदारी को अनदेखा नहीं किया जा सकता और बिहार की राजनीति के बदलते जनादेश में एक नया संतुलन जरूरी है।
गृह मंत्रालय के बदले जेडीयू को मिले वित्त और वाणिज्य कर विभाग इस परिवर्तन की दूसरी कड़ी हैं। वित्त विभाग, जिसे अक्सर बीजेपी के पास देखा गया है, अब जेडीयू के नियंत्रण में है। इससे स्पष्ट होता है कि दोनों दलों ने शासन को लेकर साझा हितों के साथ विभागों का संतुलन बनाया है। आंतरिक सुरक्षा की कमान बीजेपी को देकर राजनीतिक रूप से मजबूत साझेदार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आर्थिक नीतियों पर जेडीयू की पकड़ बरकरार रहेगी। यह समझौता दिखाता है कि गठबंधन में मतभेदों के बावजूद दोनों दल अब व्यवहारिक साझेदारी विकसित कर रहे हैं।
लेकिन गृह विभाग सिर्फ एक मंत्रालय नहीं है बल्कि यह पुलिसिंग, कानून लागू करने वाली एजेंसियों, खुफिया तंत्र, और आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी हर प्रक्रिया पर सीधा नियंत्रण देता है। सम्राट चौधरी के पास जाते ही बीजेपी प्रशासन के बिल्कुल केंद्रीय तंत्र में प्रवेश कर गई है फैसलों, नीतियों और शासन के मॉडल पर उसका प्रभाव अब पहले से कहीं अधिक होगा आने वाले महीनों में पुलिस सुधार, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा रणनीतियों में बीजेपी का रंग साफ दिख सकता है यह बदलाव न केवल शासन के ढांचे में, बल्कि राजनीतिक संदेशों में भी प्रतिध्वनित होगा।बीजेपी को गृह मंत्रालय मिलना चुनावी दृष्टि से भी बड़ा संकेत है। कानून-व्यवस्था और अपराध की राजनीति बिहार में सबसे संवेदनशील मुद्दा रही है, अब जब इसकी जिम्मेदारी सीधे बीजेपी पर है, तो वह इसे अपनी सुशासन क्षमता साबित करने के अवसर के रूप में पेश करेगी.आने वाले चुनावों में बीजेपी यह कह सकेगी कि वह वास्तविक शासन साझेदार है, सिर्फ राजनीतिक सहयोगी नहीं. यह बदलाव बीजेपी को बिहार के वोटरों के सामने एक भरोसेमंद प्रशासनिक शक्ति के रूप में रखने का मौका देगा।
कुल मिलाकर देखें तो गृह मंत्रालय का बीजेपी को सौंपा जाना बिहार की राजनीति में एक साधारण प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि गठबंधन के भीतर शक्ति का पुनर्वितरण है. भाजपा की बढ़ती राजनीतिक हैसियत का आधिकारिक स्वीकार है और बिहार की भविष्य की राजनीति का नए सिरे से लिखा जा रहा अध्याय है.. नीतीश कुमार और बीजेपी दोनों अब इस साझेदारी को एक नए रूप में आगे ले जा रहे हैं जहाँ सत्ता सिर्फ साझा नहीं, परिभाषित भी हो रही है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर हिंदी पट्टी के इस सबसे बड़े राजनीतिक राज्य में भाजपा एक बार फिर से अपना मुख्यमंत्री बनाने से क्यों चुक गई?