cockroach coffee : बीजिंग के एक कीट-थीम वाले म्यूजियम ने कॉफी प्रेमियों के होश उड़ा दिए हैं। यहां हाल ही में ऐसी कॉफी पेश की गई है, जिसमें इस्तेमाल होता है मरा हुआ कॉकरोच, उसका बुरादा और प्रोटीन-समृद्ध सूखे लार्वा! सोशल मीडिया पर इस कॉफी की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हैं और लोग इसे देखकर ही सिहर जा रहे हैं।
कैसे बनाई जाती है ये कॉकरोच कॉफी?
म्यूजियम की इस विशेष ड्रिंक की रेसिपी किसी बारिस्ता की नायाब क्रिएशन नहीं, बल्कि कीटों पर आधारित एक प्रयोग है। कॉफी में सूखे कॉकरोच का पाउडर,मीलवर्म (कीट लार्वा) और ऊपर से पीसा हुआ कॉकरोच बुरादा टॉपिंग के तौर पर डाला जाता है। इन्हें मिलाकर बनाई जाती है यह प्रोटीन-भरी, लेकिन देखने में डरावनी कॉफी। ड्रिंक की कीमत करीब 45 युआन (लगभग 500 रुपये) है। जिन चुनिंदा लोगों ने इस ‘विशेष’ कॉफी को चखा, उन्होंने इसे एक अनोखा और असहज अनुभव बताया। उनके मुताबिक स्वाद हल्का खट्टा और टेक्सचर मिट्टी जैसा महसूस होता है। कई लोग इसका एक घूंट लेने से पहले ही घिन से भर जाते हैं।
कई कीट ड्रिंक्स का मेन्यू
यहां कॉकरोच कॉफी ही अनोखी नहीं है। म्यूजियम का मेन्यू खुद में एक ‘इंसेक्ट एक्सपेरिमेंट लैब’ जैसा है। कुछ खास और विचित्र आइटम
- पिचर प्लांट जूस वाली कॉफी
मांसाहारी पौधे के पाचक तरल से तैयार यह कॉफी दिखने में डरावनी होती है, हालांकि पीने वालों का दावा है कि इसका स्वाद सामान्य है।
- चींटी वाली स्पेशल ड्रिंक
हैलोवीन पर लॉन्च इस ड्रिंक में चींटी का एक्सट्रैक्ट उपयोग किया गया था। सीमित मात्रा में उपलब्ध यह ड्रिंक कुछ ही घंटों में सोल्ड आउट हो गई।
- कीट-एक्सट्रैक्ट आधारित अन्य लिमिटेड ड्रिंक्स
इनमें अलग-अलग कीड़ों के एक्सट्रैक्ट मिलाए जाते हैं, जो प्रयोगधर्मी युवाओं में बेहद लोकप्रिय हैं।
किसे पसंद आ रही है यह अजीबो-गरीब कॉफी?
यह डरावनी कॉफी सबसे ज्यादा युवाओं, व्लॉगर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के बीच हिट है। उनके लिए यह एक परफेक्ट शॉक-वैल्यू ड्रिंक बन चुकी है। वहीं बच्चों वाले परिवार, आम पर्यटक, और पारंपरिक कैफे पसंद करने वाले लोग इसे देखते ही किनारा कर लेते हैं। कॉकरोच का नाम भर उनके पेट में उथल-पुथल मचा देता है। लोकल व्लॉगर चेन शी ने फैंस की डिमांड पर एक ही बार में यह कॉफी पीकर दिखाया। बाद में उन्होंने लिखा कि घिन से मन खराब हो गया था, लेकिन चुनौती पूरी कर दी।
सोशल मीडिया पर वायरल है ड्रिंक
कॉकरोच कॉफी अब सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि एक वायरल इंटरनेट चैलेंज बन चुकी है। कुछ लोग इसे एडवेंचर कह रहे हैं, कुछ पागलपन,तो कई इसे कीट-खानपान की नई दिशा बता रहे हैं। लेकिन एक बात तय है चीन की यह एक्सपेरिमेंटल कॉफी दुनिया के कॉफी-प्रेमियों को लंबे समय तक सुर्खियों में रहने वाली है।