Best Protein Sources : प्रोटीन के लिए क्या खाएं? अक्सर लोग इस सवाल से परेशान हो जाते हैं. शरीर के जरूरी इस पोसक तत्व के चुनाव में तब और दिक्कत हो जाती है जब बात वेज या नॉनवेज की होती है. यही कारण है कि डाइट और न्यूट्रिशन को लेकर लोगों के बीच लंबे समय से यह सवाल बना हुआ है कि प्रोटीन के लिए पनीर, अंडा या चिकन,इनमें से सबसे अच्छा विकल्प कौन सा है?
ज्यादा प्रोटिन के लिए क्या खाना चाहिए
सोशल मीडिया पर फैले अलग-अलग दावों और रील्स की वजह से कन्फ्यूजन और बढ़ जाता है. कोई अंडे को सुपरफूड बताता है तो कोई पनीर को बेस्ट प्रोटीन और तो कोई चिकन को मसल्स बिल्डिंग का सबसे मजबूत स्रोत कहता है. ऐसे में सही विकल्प चुनना मुश्किल हो जाता है. पोषण विशेषज्ञों के अनुसार, प्रोटीन की गुणवत्ता, अवशोषण क्षमता और न्यूट्रिशनल वैल्यू इन तीन पहलुओं को आधार बनाकर तुलना करने से यह स्पष्ट हो सकता है कि किसके सेवन से किसे सबसे ज्यादा फायदा मिलता है. अब तुलनात्मक रूप से देखें तो…
पनीर, अंडा या चिकन क्या है बेस्ट
वेजिटेरियन लोगों का भरोसेमंद प्रोटीन सोर्स है पनीर. 100 ग्राम पनीर में कैलोरी: 265, प्रोटीन: 18 ग्राम, फैट: 20–21 ग्राम, कार्ब्स: 1–2 ग्राम पाया जाता है. पनीर में स्लो डाइजेस्टिंग प्रोटीन होता है, जो धीरे-धीरे शरीर में रिलीज होकर लंबे समय तक पेट भरा रखता है. हेल्दी फैट और कैल्शियम की मौजूदगी इसे हड्डियों की मजबूती, लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने और रिकवरी के लिए अच्छा विकल्प बनाती है. पोषण विशेषज्ञ मानते हैं कि वेट गेन, वेट लॉस या लंबे समय तक संतुष्टि पाने वाले लोगों के लिए पनीर एक संतुलित और हेल्दी विकल्प है.
WHO के हिसाब से गोल्ड स्टैंडर्ड प्रोटीन का अच्छा ऑप्शन है अंडा. लगभग 2 बड़े अंडे (100 ग्राम) में कैलोरी: 155,प्रोटीन: 13 ग्राम,फैट: 11 ग्राम, कार्ब्स: 1.1 ग्राम पाया जाता है. अंडे का प्रोटीन उच्च गुणवत्ता वाला होता है और शरीर इसे सबसे आसानी से अवशोषित करता है. इसी कारण WHO इसे गोल्ड स्टैंडर्ड प्रोटीन मानता है. अंडे में मौजूद विटामिन B12, विटामिन D और सेलेनियम जैसे माइक्रोन्यूट्रिएंट्स इसे पोषण का एक संपूर्ण स्रोत बनाते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि छात्रों, ऑफिस में लंबे समय तक काम करने वालों, एथलीट्स और जिम जाने वालों के लिए अंडा एक बेहतरीन विकल्प है. यह मसल्स रिकवरी, ब्रेन हेल्थ और इम्यूनिटी के लिए भी लाभकारी है.
हाई प्रोटीन और लो फैट के कारण जिम लवर्स की पहली पसंद है चिकन. अब संख्या में देखें तो 100 ग्राम चिकन ब्रेस्ट में कैलोरी: 165, प्रोटीन: 31–32 ग्राम, फैट: 3.5 ग्राम और कार्ब्स: 0 ग्राम पाया जाता है. चिकन उन लोगों के लिए आदर्श प्रोटीन स्रोत माना जाता है जिन्हें हाई प्रोटीन, लो फैट डाइट चाहिए. जिम करने वाले, एथलीट्स और बॉडीबिल्डिंग करने वाले लोग मसल्स ग्रोथ के लिए चिकन को अपनी डाइट में शामिल करते हैं. इसमें कार्ब्स न होने की वजह से यह वेट लॉस डाइट में भी इस्तेमाल किया जाता है.
पनीर, अंडा या चिकन क्या चुना जाना चाहिए
विशेषज्ञों के मुताबिक, तीनों ही खाद्य पदार्थपनीर, अंडा या चिकन अपने-अपने तरीके से लाभकारी हैं. लेकिन कौन सा विकल्प आपके लिए सही है, यह आपकी डाइट, जीवनशैली और फिटनेस गोल पर निर्भर करता है. वेजिटेरियन हों या पेट लंबे समय तक भरा रखना चाहते हैं तो पनीर बेहतर है. लेकिन उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन की जरूरत हो तो अंडा सबसे असरदार है और ज्यादा प्रोटीन चाहिए, मसल्स बढ़ाना चाहते हैं तो चिकन सबसे मजबूत विकल्प कई रिपोर्ट्स बताती हैं कि अंडे का प्रोटीन शरीर में सबसे ज्यादा अवशोषित होता है, जबकि चिकन उच्च मात्रा में प्रोटीन देता है. वहीं पनीर संतुलित न्यूट्रिशन और सस्टेनेबल एनर्जी देता है. ऐसे में प्रोटीन के लिए केवल एक ही चीज पर निर्भर रहना सही नहीं. आपकी ओवरऑल डाइट, लाइफस्टाइल, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य लक्ष्य यह तय करते हैं कि आपको क्या खाना चाहिए. यदि आप वेजिटेरियन हैं तो पनीर और दालें बेहतर हैं. नॉनवेज खाते हैं तो अंडा और चिकन दोनों को रोटेशन में शामिल करना शरीर को बेहतर पोषण देता है. और अंत में संतुलित आहार ही सबसे बड़ा समाधान है.