पटना का सबसे वीआईपी जोन…जहां से तय होती है बिहार की राजनीति ! देखें अहम लोकेशनों की पूरी लिस्ट

Bihar Political Address :  बिहार की राजनीति सिर्फ नेताओं, दलों और गठबंधनों से नहीं चलती, बल्कि उन पतों से भी प्रभावित होती है जहां बैठकर फैसले लिए जाते हैं. पटना के कई सरकारी बंगले और पार्टी कार्यालय दशकों से राजनीतिक गतिविधियों के मुख्य केंद्र रहे हैं. इनमें से कई पते सत्ता परिवर्तन, गठबंधन टूटने और बड़े फैसलों के गवाह भी रहे हैं. ये बिहार के उन प्रमुख पतों की सूची है, जिन्हें राज्य की राजनीति का नर्व सेंटर माना जाता है. चुनावी मौसम हो या सरकार बदलने का दौर पटना का यह वीआईपी ज़ोन हमेशा बिहार की राजनीति के सबसे असरदार पतों का साक्षी रहा है.

कहां है बिहार के मुख्यमंत्री का अवास

  • 1 अणे मार्ग – मुख्यमंत्री आवास

पटना का सबसे शक्तिशाली पता. यहीं से राज्य सरकार के बड़े फैसले लिए जाते हैं. मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास होने के कारण यह क्षेत्र सबसे हाई-सिक्योरिटी जोन है. राजनीतिक संकट या गठबंधन की किसी भी हलचल का पहला असर यहीं दिखता है.

  • 10 सर्कुलर रोड – लालू-राबड़ी का पुराना राजनीतिक पता

दो दशकों तक बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित बंगला. लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का राजनीतिक दरबार यहीं लगता रहा. महागठबंधन की रणनीति से लेकर विपक्ष की बैठकों तक यहीं से कई बड़े फैसले निकलते थे. 2025 में नई एनडीए सरकार ने इसे खाली कराने का आदेश जारी किया है.

  • 5 देशरत्न मार्ग – डिप्टी सीएम आवास

उपमुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास. तेजस्वी यादव के कार्यकाल के दौरान यह बंगला लगातार चर्चा में रहा. कई महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठकों का केंद्र.

  • 39 हार्डिंग रोड – नेता प्रतिपक्ष का आवास

नेता प्रतिपक्ष को आवंटित होने वाला आधिकारिक बंगला. 2025 में राबड़ी देवी को यही नया आवास मिला है. विधान परिषद और विधानसभा में विपक्ष की रणनीति यहीं तय होती है.

  • वीरचंद पटेल पथ – राजद और भाजपा का प्रदेश कार्यालय

वीरचंद पटेल पथ पर स्थित हैं आरजेडी मुख्यालय और बीजेपी का प्रदेश कार्यालय. चुनावी तैयारियां, टिकट वितरण, प्रेस कॉन्फ्रेंस और आंदोलन की घोषणाएं इसी स्थान से होती हैं.

  • 7, लोकनायक जेपी मार्ग – जेडीयू कार्यालय (जेपी भवन)

जेडीयू की प्रदेश इकाई का मुख्य केंद्र. नीतीश कुमार की पार्टी से संबंधित सभी बड़े फैसले और रणनीतियां यहीं से निकलती हैं.

  • राजभवन – राज्यपाल का आधिकारिक निवास

किसी भी राजनीतिक संकट, सरकार गठन, फ्लोर टेस्ट और नियुक्तियों में यह पता सबसे महत्वपूर्ण बन जाता है. कई बार रातों-रात यहां राजनीतिक हलचल तेज हो जाती है.

  • बिहार सचिवालय – प्रशासनिक शक्ति का केंद्र

सभी विभागों के अहम आदेश, बजट की तैयारी और नीतिगत फैसले यहीं से जारी होते हैं. सरकार बदलते ही इस परिसर का माहौल बदल जाता है.

  • विधानसभा और विधान परिषद भवन

बिहार की राजनीतिक धड़कन. बहस, हंगामा, विधेयक, अविश्वास प्रस्ताव और सारे संसदीय फैसले यहीं होते हैं. यह परिसर बिहार की सत्ता के असली स्वरूप को तय करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *