रोज अंडा खाना फायदेमंद या नुकसानदेह? मोटापा और हाई कोलेस्ट्रॉल से जूझ रहे लोगों के लिए क्या है डॉक्टरों की सलाह

Eating Egg daily is good or bad : अगर आप मोटापे से परेशान हैं और साथ ही आपका कोलेस्ट्रॉल भी बढ़ा हुआ रहता है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. लंबे समय से यह बहस चलती रही है कि रोज़ अंडा खाना दिल और कोलेस्ट्रॉल के लिए कितना सुरक्षित है. अब इस पर न्यूट्रिशन और हार्ट एक्सपर्ट्स ने अपनी स्पष्ट राय दी है. विशेषज्ञों के अनुसार, अंडा अपने आप में नुकसानदेह नहीं है, बल्कि असली खतरा हमारे खाने में मौजूद सैचुरेटेड फैट और ट्रांस फैट से होता है. यही फैट शरीर में LDL cholesterol यानी खराब कोलेस्ट्रॉल को तेजी से बढ़ाता है.

हाई कोलेस्ट्रॉल वालों के लिए कितने अंडे सुरक्षित?

डॉक्टरों का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति ओवरवेट है और उसे हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या है, तो वह हफ्ते में 7 पूरे अंडे तक खा सकता है, यानी औसतन दिन में 1 अंडा. इससे ज्यादा अंडे खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है. अगर शरीर को ज्यादा प्रोटीन की जरूरत हो जैसे वजन घटाने या मसल स्ट्रेंथ के लिए तो विशेषज्ञ केवल अंडे का सफेद भाग (एग व्हाइट) खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि इसमें कोलेस्ट्रॉल नहीं होता है, फैट बहुत कम होता है और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है.

अंडा पकाने का तरीका बना सकता है खतरनाक

डॉक्टरों के अनुसार अंडा खुद में न्यूट्रिशन से भरपूर है, लेकिन उसे गलत तरीके से पकाया जाए, तो वही अंडा आपकी सेहत का दुश्मन बन सकता है. जैसे अगर आप मक्खन में फ्राई किया हुआ अंडा, या बेकन, सॉसेज जैसे प्रोसेस्ड मीट के साथ अंडा और ज्यादा तेल में ऑमलेट बनाते हैं तो यह नुकसान दायक है. इन तरीकों के बदले उबला हुआ अंडा, हल्के तेल में स्क्रैम्बल, पोच्ड एग खा सकते हैं.

फाइबर जरूरी है सिर्फ अंडा काफी नहीं

एक्सपर्ट्स कहते हैं कि केवल अंडा खाने से न वजन घटेगा और न ही कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल होगा, जब तक आपकी डाइट में हरी सब्ज़ियां, फल, साबुत अनाज, दालें और फाइबर युक्त भोजन शामिल न हों. फाइबर शरीर से अतिरिक्त फैट और कोलेस्ट्रॉल को बाहर निकालने में मदद करता है.

रिसर्च क्या कहती है?

हालिया शोधों में यह बात सामने आई है कि अगर अंडा कम सैचुरेटेड फैट वाली डाइट के साथ खाया जाए, तो यह खराब कोलेस्ट्रॉल नहीं बढ़ाता. कई मामलों में दिल की सेहत के लिए सुरक्षित रहता है हालांकि डॉक्टर यह भी चेतावनी देते हैं कि कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनका शरीर अंडे के कोलेस्ट्रॉल पर ज्यादा रिएक्ट करता है. ऐसे लोगों को हर 3-4 महीने में लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराना चाहिए. अंडा न तो पूरी तरह दुश्मन है और न ही चमत्कारी औषधि. यह आपकी पूरी डाइट, लाइफस्टाइल और कुकिंग स्टाइल पर निर्भर करता है कि अंडा आपके लिए फायदेमंद साबित होगा या नुकसानदेह.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *