Bihar Assembly : बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ख़ान ने दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। सुबह करीब 11:30 बजे जैसे ही उन्होंने अपना अभिभाषण शुरू किया, तभी माइक में तकनीकी खराबी आ गई। इस दौरान राज्यपाल बिना रुके अपना भाषण जारी रखते रहे। माइक खराब होने के दौरान सदन में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री असहज होकर आगे-पीछे देखने लगे। करीब पांच मिनट बाद राज्यपाल ने मुस्कुराते हुए कहा कि मैं थोड़ी जोर से बोल देता हूं और इसके बाद उन्होंने दोबारा अपना अभिभाषण जारी रखा।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर ज़ोर
राज्यपाल ने अपने लगभग 30 मिनट के संबोधन में सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि बिहार में शिक्षकों की संख्या बढ़कर अब 5.2 लाख तक पहुंच गई है। राज्य के सभी 27 जिलों में सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि IGIMS को तीन हजार बेड के अत्याधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि अब छात्रों को मेडिकल पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े, बल्कि दूसरे राज्यों से छात्र यहां पढ़ने आ सकें।
रोजगार और महिलाओं के लिए योजनाएं
राज्यपाल ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जिन महिलाओं का व्यवसाय बेहतर चलेगा, उन्हें दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा ग्राम परिवहन योजना को अब पंचायत स्तर पर लागू कर दिया गया है, जिससे ग्रामीण इलाकों में रोजगार और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। राज्यपाल ने अल्पसंख्यक समाज के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि तलाकशुदा महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि बढ़ाकर अब 25 हजार रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को अब मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
5 साल में एक करोड़ युवाओं को रोजगार लक्ष्य
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ख़ान ने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य पर तेजी से कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सरकार सोलर पैनल लगाएगी, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। अपने संबोधन के अंत में राज्यपाल ने कहा कि बिहार सरकार न्याय के साथ विकास के सिद्धांत को केंद्र में रखकर लगातार काम कर रही है।