बिहार में निवेशकों की सुरक्षा के लिए बनेगा BISF… उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार का बड़ा कदम

Bihar News : बिहार सरकार ने राज्य में निवेश को रफ्तार देने और उद्योगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। केंद्र सरकार के सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) की तर्ज पर अब बिहार में बिहार इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (BISF) का गठन किया जाएगा। राज्य के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने रविवार को पटना में यह जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष सुरक्षा बल का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों, बड़े कारखानों और निवेश से जुड़े संवेदनशील प्रतिष्ठानों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना होगा।

निवेशकों के लिए सुरक्षित वातावरण प्राथमिकता

उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के लिए सबसे पहली आवश्यकता सुरक्षित माहौल की है। उन्होंने कहा निवेशक तभी बड़ी राशि लगाकर उद्योग खोलेंगे, जब उन्हें यह भरोसा होगा कि उनके निवेश, फैक्ट्री और कर्मचारियों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित है। BISF इसी लक्ष्य के साथ काम करेगा। इस बल के गठन से राज्य में निवेशकों का विश्वास बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

अगले 5 वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य

सरकार ने बिहार को देश के शीर्ष 5 निवेश-अनुकूल राज्यों की श्रेणी में लाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अगले पाँच साल में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य तय किया गया है। इसे हासिल करने के लिए देश-दुनिया के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्रों में बड़े पैमाने पर निवेशक सम्मेलनों का आयोजन होगा।

उद्योग जगत को मजबूत करने की योजनाएं

  • बिहार सरकार ने एक व्यापक औद्योगिक रोडमैप तैयार किया है, जिसमें कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं.
  • ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार के लिए प्रक्रियाओं को सरल और तेज बनाया जाएगा।
  • 5 नए मेगा फूड पार्क आधुनिक फूड प्रोसेसिंग और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के साथ स्थापित किए जाएंगे।
  • राज्य में 10 नए औद्योगिक पार्क और 100 MSME पार्क विकसित किए जाएंगे।
  • उद्योगों के अनुरूप कौशल विकास और उद्यमिता प्रशिक्षण के तहत 7 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
  • सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) निदेशालय की स्थापना और सभी जिलों में MSME केंद्रों की शुरुआत की जाएगी।

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से मिला बड़ा सहारा

राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत अब तक 44,073 उद्यमियों को प्रोत्साहन राशि दी गई है। इन उद्यमियों ने अपने कारोबार की शुरुआत कर दी है और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मुहैया करा रहे हैं। सरकार का मानना है कि इस योजना ने जमीनी स्तर पर उद्योग स्थापित करने की संस्कृति को मजबूत किया है।

BISF को माना जा रहा है गेम-चेंजर कदम

औद्योगिक सुरक्षा के लिए समर्पित इस नए बल BISF के गठन को बिहार के औद्योगिक विकास में एक गेम-चेंजर कदम माना जा रहा है। इससे राज्य में बड़े निवेशकों के आने की संभावनाएँ बढ़ेंगी और उद्योगों को एक सुरक्षित और स्थिर वातावरण मिलेगा। सरकार जल्द ही BISF के गठन का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट के सामने पेश करेगी। उम्मीद है कि इसके लागू होने से बिहार के औद्योगिक ढांचे को नया आयाम मिलेगा और रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *