बिहार के हर जिले में खुलेगी ओलंपिक एकेडमी, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की होगी तलाश

Bihar Olympic Academy : बिहार में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने घोषणा की है कि बिहार के सभी जिलों में ओलंपिक एकेडमी स्थापित की जाएंगी। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। रविवार को शेखपुरा दौरे के दौरान मंत्री श्रेयसी सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालयों में ओलंपिक एकेडमी खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस उद्देश्य से जिलों में खिलाड़ियों की खोज का अभियान चलाया जा रहा है, साथ ही खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है.

बिहार को आईटी हब के रूप में विकसित करेगी सरकार

श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को उभारने के साथ-साथ बिहार को आईटी हब के रूप में विकसित करने के लिए भी गंभीर है। इसी दिशा में सभी जिला मुख्यालयों में इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किए गए हैं। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बिहार को नई ऊँचाइयों पर ले जाने की तैयारी जारी है।

जमुई विधानसभा सीट से विधायक हैं श्रेयसी सिंह

नीतीश कुमार की नई सरकार में श्रेयसी सिंह को खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे भाजपा से लगातार दूसरी बार जमुई विधानसभा सीट से विधायक चुनी गई हैं। उनका राजनीतिक परिवार बिहार में खासा प्रभावशाली रहा है,उनके पिता दिवंगत दिग्विजय सिंह केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके थे, जबकि उनकी माता पुतुल देवी सांसद रही हैं। राजनीति के साथ-साथ श्रेयसी सिंह एक सफल अंतरराष्ट्रीय शूटर भी रही हैं। उन्होंने 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में शूटिंग में स्वर्ण और 2014 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में डबल ट्रैप शूटिंग में रजत पदक जीता था। अब वे बिहार की नई खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *