land for job case : लैंड फॉर जॉब घोटाले में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित परिवार के अन्य सदस्यों को अदालत से दो दिनों की और राहत मिल गई है. दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत में शनिवार को हुई सुनवाई के दौरान चार्ज फ्रेमिंग (आरोप तय करने) पर फैसला एक बार फिर टल गया. अब अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी.
अदालत ने क्या कहा
अदालत ने सीबीआई को निर्देश दिया है कि वह सभी अभियुक्तों की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट दो दिनों के भीतर दाखिल करे. इससे पहले 4 दिसंबर को भी अदालत ने आरोप तय करने संबंधी अपना फैसला स्थगित किया था. विशेष सीबीआई न्यायाधीश विशाल गोगने ने सीबीआई को आरोपियों की वर्तमान स्थिति की पुष्टि कर विस्तृत स्थिति रिपोर्ट देने का आदेश दिया था. मामले में कुल 103 आरोपी हैं, जिनमें से चार की मौत हो चुकी है.
बिहार के हर जिले में खुलेगी ओलंपिक एकेडमी, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की होगी तलाश
क्या है मामला
सीबीआई द्वारा दायर आरोपपत्र के अनुसार 2004 से 2009 के बीच लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर (मध्य प्रदेश) के ग्रुप-डी पदों पर अनियमित नियुक्तियां की गईं. अभियोजन पक्ष का आरोप है कि नियुक्ति पाने वाले कुछ लोगों ने इसके बदले लालू परिवार के नाम पर या उनके करीबी सहयोगियों के पक्ष में भूखंड उपहार में दिए या हस्तांतरित किए. एजेंसी का कहना है कि ये नियुक्तियां रेलवे नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए की गई थीं.