Bihar Weather : तापमान में तेज गिरावट से अगले हफ्ते तक शुष्क रहेगा मौसम….जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

Bihar ka mausam : बिहार में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में सुबह-शाम कोहरे की चादर फैलने लगी है, जिसके कारण दृश्यता घट रही है और ठिठुरन भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आम लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि सुबह व रात के समय घर से निकलते वक्त गर्म कपड़ों का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करें। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, शुक्रवार से राज्य के एक-दो हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान साफ होता जाएगा, लेकिन सुबह की ठंड से राहत फिलहाल मिलने के आसार नहीं हैं। विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

तापमान में गिरावट जारी

गुरुवार को बिहार के ज्यादातर शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस से 13.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ। किशनगंज सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 8.3 डिग्री तक गिर गया। वहीं राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस भी किशनगंज में ही दर्ज किया गया। पटना में भी ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस गिरकर 24.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 13.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। पटना में शुक्रवार को सुबह हल्के कोहरे की उम्मीद है, हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है। गुरुवार को राजधानी में दृश्यता घटकर 300 मीटर तक पहुंच गई थी।

आने वाले दिनों में और गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग ने संकेत दिए है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। राज्य में शीतलहर की स्थिति भी बन सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। अगले दो से तीन दिनों के भीतर अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग का स्पष्ट कहना है कि फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, ऐसे में कोहरा और ठंडी हवाएं ही पूरे बिहार में मौसम का रुख तय करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *