Bihar politics : लालू-तेजस्वी के लिए सरदर्द बन रहे तेज प्रताप….राजद के लिए बढ़ सकती हैं मुश्किलें

Tej pratap news : राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने पार्टी से निष्कासन के बाद अब अपनी नई राजनीतिक पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) का औपचारिक गठन कर लिया है। नई पार्टी की लॉन्चिंग के बाद तेज प्रताप अब इसके संगठनात्मक विस्तार में तेजी से जुट गए हैं। गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर महा सदस्यता अभियान (2025–28) का ऐलान किया, जिसके 12 दिसंबर को उनके सरकारी आवास 26 एम, स्ट्रैंड रोड से शुरुआत होगी। अभियान की शुरुआत दोपहर 1 बजे की जाएगी।

पार्टी के विस्तार पर नजर

तेज प्रताप यादव ने अपने संदेश में कहा कि जनशक्ति जनता दल द्वारा महा सदस्यता अभियान शुरू होने जा रहा है। मेरा सभी लोगों से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जुड़ें, ताकि संगठन की शक्ति से राज्य को नई दिशा और मजबूती मिल सके। यह सिर्फ एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक परिवार का विस्तार और वैचारिक आंदोलन है। अब नई पार्टी JJD के विस्तार और सदस्यता अभियान पर सभी की नजरें टिकी हैं। यदि तेज प्रताप यादव अपने संगठन को मजबूत करने में सफल रहते हैं, तो इसका सीधा राजनीतिक नुकसान राजद और तेजस्वी यादव को हो सकता है। बिहार की राजनीति में यह नया घटनाक्रम आने वाले महीनों में कई समीकरणों को बदल सकता है।

राजद के लिए बढ़ सकती हैं मुश्किलें

राजनीतिक गलियारों में इस लॉन्चिंग के बाद हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि तेज प्रताप की नई पार्टी सीधे तौर पर राजद के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगा सकती है। चूंकि तेज प्रताप खुद तेजस्वी यादव के बड़े भाई हैं और लालू प्रसाद की राजनीतिक विरासत का हिस्सा भी, ऐसे में यह नया संगठन राजद के समर्थन आधार को चुनौती दे सकता है। 2025 विधानसभा चुनाव में दोनों भाइयों के बीच तनाव खुलकर सामने आया था। तेज प्रताप यादव ने न सिर्फ तेजस्वी के खिलाफ रुख अपनाया, बल्कि उनके चुनाव क्षेत्रों में जाकर अपने प्रत्याशियों के लिए प्रचार भी किया था। हालांकि चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली, पर उनकी सक्रियता लगातार बनी रही है। तेज प्रताप यादव कई बार यह भी कह चुके हैं कि राजद में वापसी से मर जाना बेहतर है। उनके इस बयान ने दोनों भाइयों के रिश्तों में बढ़ती दूरियों को और स्पष्ट कर दिया था।

एनडीए के साथ समीकरण भी चर्चा में

तेज प्रताप अपनी गतिविधियों की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं और उनकी सोशल मीडिया पर मजबूत फैन फॉलोइंग भी है। कुछ अवसरों पर वे एनडीए सरकार के निर्णयों का समर्थन भी करते दिखे हैं। हाल ही में एनडीए सरकार ने उनकी सुरक्षा बढ़ाई है, जिसे राजनीतिक विश्लेषक बदलते समीकरणों के संकेत के रूप में देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *