Bihar crime News : बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में कानून-व्यवस्था को सख्त करने का ऐलान करते हुए कहा है कि लगभग 60 प्रतिशत अपराध जेल के भीतर से नियोजित और संचालित हो रहे हैं। उन्होंने आरोपियों को जेल में कानून के डर का एहसास कराने और माफियाओं पर शिकंजा कसने का भरोसा दिलाया।
उप मुख्यमंत्री ने क्या कहा
सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना के दीघा विधानसभा कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार अपराध को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अपराधी चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो, उसे जेल में रहना ही होगा।
चारा घोटाले के आरोपियों की संपत्तियों में चलेंगी स्कूल
गृह मंत्री ने यह भी घोषणा की कि चारा घोटाले के आरोपियों की जब्त की गई संपत्तियों का उपयोग जन-हित के लिए किया जाएगा। इनमें विशेष तौर पर उन संपत्तियों पर सरकारी स्कूल खोले जाने की योजना शामिल है, जो अवैध तरीके से अर्जित की गईं थीं या जांच एजेंसियों ने अटैच की हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पूर्व में भी भ्रष्ट अधिकारियों की जब्त संपत्तियों को शिक्षा-संबंधी उपयोग के लिए बदल चुकी है, जैसे कि एक पूर्व डीजीपी की जब्त संपत्ति में स्कूल खोलने का अनुभव। इसी नीति को आगे बढ़ाते हुए अब चारा घोटाले से जुड़े लोगों की संपत्तियों पर स्कूल स्थापित किए जाएंगे।
भ्रष्टाचार खिलाफ सरकार का कठोर कदम
सम्राट चौधरी के अनुसार, ये कदम न केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ स्पष्ट संदेश देंगे, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी समाज को लाभ पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों को जेल भेजेगी और भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों को गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए उपयोग करेगी।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ और सियासी बहस
इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रियाएँ तेज़ हो गई हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि राज्य सरकार पहले से मौजूद सरकारी स्कूलों के बेहतर संचालन पर ध्यान दे और मौजूदा शिक्षा प्रणाली को मजबूत करे, बजाय नए स्कूल खोलने की घोषणाओं के। वहीं, सम्राट चौधरी के समर्थकों का कहना है कि चारा घोटाले जैसे बड़े दुरुपयोग के मामलों पर कठोर कदम उठाकर भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्ति को सार्वजनिक उपयोग में बदलना एक सकारात्मक पहल है।
कानून-व्यवस्था शख्त करने की कोशिश
सम्राट चौधरी ने यह भी संकेत दिए हैं कि न केवल चारा घोटाले के आरोपियों पर कार्रवाई होगी, बल्कि अन्य अपराधियों चाहे वे बालू माफिया, भूमि माफिया या आपराधिक गिरोहों से जुड़े हों , के खिलाफ भी राज्य सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।