Makhana export : ओमान के साथ हाल ही में हुए व्यावसायिक समझौते से बिहार की अर्थव्यवस्था पर दूरगामी सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। इस समझौते के जरिए बिहार के कृषि, हस्तशिल्प और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पादों को खाड़ी देशों के बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे राज्य के निर्यात को नई गति मिलने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने कहा कि ओमान खाड़ी देशों में एक अहम व्यापारिक केंद्र है, जहां बिहार के पारंपरिक और कृषि आधारित उत्पादों की अच्छी मांग है। उन्होंने बताया कि चावल, मखाना, शहद, मसाले, सब्जियां, फल, हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पादों के निर्यात की संभावनाएं इस समझौते के बाद और मजबूत हुई हैं। इससे राज्य के किसानों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।
फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के बिहार अध्यक्ष गौरव साह ने कहा कि इस समझौते से राज्य के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को विशेष रूप से लाभ होगा। बिहार सरकार द्वारा स्थापित फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स को अब अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही कोल्ड स्टोरेज, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में निवेश बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि ओमान के निवेशक बिहार में कृषि आधारित उद्योगों, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में निवेश को लेकर रुचि दिखा रहे हैं। यदि ये प्रस्ताव धरातल पर उतरते हैं तो राज्य के औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
Panchayat Chunav 2026: पहली बार ईवीएम से होगा मतदान, आरक्षण रोस्टर में भी होगा बदलाव
वैश्विक पहचान को मिलेगी मजबूती
आर्थिक विश्लेषकों का मानना है कि यह समझौता केवल व्यापारिक सहयोग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे बिहार के उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांड वैल्यू भी बढ़ेगी। गुणवत्ता, पैकेजिंग और मार्केटिंग को वैश्विक मानकों के अनुरूप ढालने से बिहार के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकेंगे। बीआईए के पूर्व महासचिव सीए आशीष रोहतगी ने कहा कि ओमान के साथ हुआ यह व्यावसायिक समझौता बिहार के लिए आर्थिक विकास का नया द्वार खोल सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और उद्योग जगत मिलकर इस अवसर का प्रभावी ढंग से उपयोग करते हैं, तो आने वाले वर्षों में बिहार निर्यात के क्षेत्र में एक मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकता है।