Bedroom vastu tips : घर में सुख-शांति, स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि बनाए रखने के लिए वास्तु शास्त्र में कई नियम बताए गए हैं। इन्हीं में से एक नियम सोने की जगह यानी बेड और गद्दे से जुड़ा हुआ है। वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, गद्दे या बेड के नीचे पुराने कागज, दस्तावेज, अखबार, प्लास्टिक शीट या कैरी बैग रखना अशुभ माना जाता है। इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ सकता है और व्यक्ति के जीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
नींद और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है असर
वास्तु शास्त्र के अनुसार, गद्दे के नीचे रखे पुराने अखबार और कागजों में अक्सर नकारात्मक खबरें और ऊर्जा समाहित रहती हैं। जब व्यक्ति सोता है, तो ये नकारात्मक प्रभाव सीधे उसके मन और शरीर को प्रभावित करते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे अनिद्रा, बुरे सपने, बेचैनी और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। लंबे समय तक ऐसी स्थिति रहने पर व्यक्ति चिड़चिड़ापन और थकान महसूस करने लगता है।
आर्थिक परेशानियों का बन सकता है कारण
वास्तु शास्त्र में बेड को समृद्धि और धन के प्रवाह से जोड़ा गया है। गद्दे के नीचे पुराने कागज या प्लास्टिक रखने से धन का प्रवाह बाधित हो सकता है। मान्यता है कि इससे अनावश्यक खर्च बढ़ते हैं, आय में रुकावट आती है और आर्थिक अस्थिरता का सामना करना पड़ सकता है। कुछ वास्तु शास्त्री इसे माता लक्ष्मी की कृपा में कमी से भी जोड़ते हैं।
आपको भी सपने में दिखता है छिपकली ? जानिए किस बात का है ये संकेत
स्वास्थ्य और रिश्तों पर नकारात्मक प्रभाव
पुराने कागज और कैरी बैग समय के साथ धूल और कीटाणुओं को जमा करते हैं। इससे एलर्जी, सांस की समस्या, त्वचा रोग जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसके अलावा, दांपत्य जीवन में तनाव, आपसी मतभेद और कलह बढ़ने की आशंका भी जताई जाती है। बच्चों के मामले में यह उनकी एकाग्रता और पढ़ाई पर भी नकारात्मक असर डाल सकता है।
वास्तु दोष से बचने के उपाय
वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, सबसे बेहतर उपाय यही है कि गद्दे या बेड के नीचे किसी भी प्रकार की वस्तु न रखें। यदि किसी कारणवश रखना आवश्यक हो, तो केवल शुभ और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ी वस्तुएं ही रखें, जैसे चांदी का सिक्का, पीतल का छोटा कलश और समुद्री नमक की छोटी पोटली. इन वस्तुओं को सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने वाला माना जाता है।