t20 world cup 2026 team india squad : टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा महाकुंभ कहे जाने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन अगले साल फरवरी-मार्च में किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इस मेगा इवेंट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है और ऑलराउंडर अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं ने भारत और श्रीलंका में होने वाले इस टूर्नामेंट की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संतुलित टीम चुनी है।
ईशान किशन की वापसी, रिंकू सिंह को भी मौका
हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 से ज्यादा रन बनाने वाले ईशान किशन को एक बार फिर टी20 टीम में जगह मिली है। वहीं, मध्यक्रम में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले रिंकू सिंह को भी 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, जितेश शर्मा इस बार टीम का हिस्सा नहीं हैं। बीसीसीआई ने टीम चयन में संतुलन पर खास जोर दिया है। टीम में चार बल्लेबाज, दो विकेटकीपर, चार ऑलराउंडर और पांच गेंदबाजों को शामिल किया गया है, ताकि भारतीय और श्रीलंकाई पिचों पर हर तरह की परिस्थितियों से निपटा जा सके।
भारत की 15 सदस्यीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह,संजू सैमसन, ईशान किशन,हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल (उपकप्तान), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती
20 टीमें लेंगी हिस्सा भारत ग्रुप-ए में
टी20 विश्व कप 2026 में कुल 20 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला यूएसए, नामीबिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान से होगा। टूर्नामेंट के मैच भारत के पांच और श्रीलंका के तीन वेन्यू पर खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबले को लेकर भी खास व्यवस्था की गई है। यदि पाकिस्तान फाइनल में नहीं पहुंचता है, तो खिताबी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, पाकिस्तान के सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचने की स्थिति में उसके नॉकआउट मुकाबले श्रीलंका में ही आयोजित होंगे।
भारत का लीग स्टेज शेड्यूल
- 7 फरवरी: भारत बनाम यूएसए
- 12 फरवरी: भारत बनाम नामीबिया
- 15 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान
- 18 फरवरी: भारत बनाम नीदरलैंड्स