नहीं मानी बात तो पिता ने कर दी गर्भवती बेटी की हत्या…कर्नाटक में ऑनर किलिंग

Crime News : कर्नाटक के हुबली जिले से एक दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है। यहां प्रेम विवाह से नाराज़ एक पिता ने अपनी ही गर्भवती बेटी को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान मान्या पाटिल के रूप में हुई है, जिसने करीब सात महीने पहले दूसरी जाति के युवक से प्रेम विवाह किया था।

बचाने पहुंचे ससुराल पक्ष से भी मारपीट

यह वारदात हुबली के इनापुर गांव में रविवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मान्या हाल ही में अपने पति के साथ गांव लौटी थी। इसी दौरान उसके पिता ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मान्या गर्भवती थी।घटना के वक्त मान्या के पिता के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। जब युवती के ससुराल पक्ष के सदस्यों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मान्या को मृत घोषित कर दिया।

मई में हुई थी शादी, परिवार कर रहा था विरोध

पुलिस के अनुसार, मान्या पाटिल ने इसी साल मई महीने में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसके परिजन इस रिश्ते से नाराज़ थे और दोनों को जान का खतरा महसूस हो रहा था। इसी वजह से पति-पत्नी कुछ महीनों तक हावेड़ी जिले में रह रहे थे। बाद में प्रशासन की पहल पर दोनों परिवारों की बैठक कराई गई थी, जिसमें सुलह की कोशिश की गई। इसके बाद 8 दिसंबर को मान्या अपने पति के साथ गांव लौटी थी।

तीन आरोपी हिरासत में

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकाश, वीराना और अरुण नाम के तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों में मृतका का पिता और उसके करीबी रिश्तेदार शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोर्स : मीडिया रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *