Bihar crime : बिहार की राजधानी पटना से सटे मोकामा इलाके में रविवार रात एक ब्यूटी पार्लर संचालिका पर कथित एसिड अटैक ( acid attack) की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की उम्र करीब 40 वर्ष है और वह देर रात अपना पार्लर बंद कर घर लौट रही थी, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि महिला के चेहरे पर हल्की चोटें आई हैं और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही सरकार
बरह अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक (एसडीपीओ) आनंद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही बाइक सवार हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
ब्यूटी पार्लर चलाती है पीड़िता
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़िता पिछले कई वर्षों से मोकामा क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर चला रही थी और इलाके में उसकी अच्छी पहचान थी। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है, खासकर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।