Delhi Crime : दिल्ली में एक महिला के साथ धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को भारतीय नौसेना का अधिकारी बताकर महिला का भरोसा जीता और शादी का झूठा वादा कर कई महीनों तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब महिला को सच्चाई का पता चला तो आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मोहम्मद जसीम के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के फैजाबाद का रहने वाला है। महिला की शिकायत पर 21 दिसंबर को पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर महिला को झांसे में लिया और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया। शिकायत के मुताबिक फरवरी 2025 में महिला की मुलाकात एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए जसीम से हुई थी। उसने खुद को नौसेना अधिकारी बताते हुए नियमित फोन कॉल, मैसेज और अपने कथित परिवार के सदस्यों से बातचीत कर महिला का विश्वास जीत लिया। आरोपी ने बार-बार शादी का भरोसा दिया।
शादी का वादा कर शारीरिक शोषण
महिला ने आरोप लगाया कि सितंबर और अक्टूबर 2025 के बीच आरोपी उसे पहाड़गंज इलाके के कई होटलों में ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा, आरोपी कथित तौर पर झूठे बहाने बनाकर कई बार उसके घर पर भी रुका। नवंबर 2025 में महिला से दुबई में रहने वाली एक अन्य महिला ने संपर्क किया और बताया कि उसका भी आरोपी के साथ लंबे समय से संबंध रहा है। जब पीड़िता ने इस बारे में आरोपी और उसके परिवार से सवाल किए तो उन्होंने आरोपों से इनकार करते हुए उसे गुमराह किया। महिला का दावा है कि आरोपी एक साथ कई महिलाओं के संपर्क में था।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके आधार कार्ड और पैन कार्ड की तस्वीरें लीं और उसके निजी वीडियो को वायरल करने की धमकी दी, जिससे वह मानसिक तनाव और चिंता में आ गई।पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (धोखाधड़ी से यौन संबंध बनाना) के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता को मेडिकल जांच के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल भेजा गया, जबकि एलएनजेपी अस्पताल के वन स्टॉप सखी सेंटर में उसे परामर्श भी उपलब्ध कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।