Bihar weather : बिहार में पछुआ हवाओं के असर से ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी पूरे राज्य के लिए घने कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम की स्थिति में कोई खास सुधार के आसार नहीं हैं.
कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट
मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में घने कुहासे का अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर बिहार के मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है. पहाड़ों से चल रही बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई है. आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग ने खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से खुले में निकलने से बचें और गर्म कपड़े पहनें.
कई इलाकों में घना कोहरा और कोल्ड-डे जैसी
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 27 और 28 दिसंबर को राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा और कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है. वहीं, 29 और 30 दिसंबर को राज्य के पश्चिमी हिस्से के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा और कोल्ड-डे की संभावना जताई गई है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक बिहार में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है. इस दौरान राज्य के उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व हिस्सों के कुछ इलाकों में घना कुहासा, जबकि अन्य क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रह सकता है. साथ ही, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है.