Battle of galwan controversy : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की आगामी फिल्म बैटल ऑफ गलवान इन दिनों देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है. 27 दिसंबर को सलमान खान के जन्मदिन के मौके पर फिल्म का टीज़र रिलीज होते ही यह सुर्खियों में आ गई. अब इस फिल्म को लेकर चीन की सरकारी मीडिया संस्था ग्लोबल टाइम्स ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. ग्लोबल टाइम्स ने फिल्म पर आरोप लगाया है कि यह गलवान घाटी संघर्ष से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है. अखबार में प्रकाशित एक रिपोर्ट में चीनी विशेषज्ञों के हवाले से कहा गया कि कोई भी फिल्म या ओवर-द-टॉप ड्रामा किसी देश की पवित्र सीमा को प्रभावित नहीं कर सकता. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इस तरह की फिल्मों से जमीनी सच्चाई नहीं बदलती.
गलवान संघर्ष पर आधारित है फिल्म
निर्देशक अपूर्व लाखिया की यह फिल्म साल 2020 में भारत-चीन सीमा पर हुए गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित है. फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के एक अधिकारी की भूमिका निभाते नजर आएंगे. टीज़र में सलमान को सेना की वर्दी में गंभीर और संयमित अंदाज में दिखाया गया है. टीजर में दुर्गम पहाड़ी इलाकों, बेहद ठंडे मौसम और आमने-सामने की लड़ाई के दृश्य दिखाए गए हैं, जो यह संकेत देते हैं कि फिल्म ऊंचाई पर तैनात सैनिकों की चुनौतियों को पर्दे पर उतारने की कोशिश करेगी.
भारत का चीन को जवाब
चीन की ओर से उठाई गई आपत्ति को भारत सरकार ने सिरे से खारिज कर दिया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार के सूत्रों ने मंगलवार (30 दिसंबर) को इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि भारत में कलात्मक स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आज़ादी संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकार हैं. इसी दायरे में फिल्म निर्माताओं को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के तहत फिल्में बनाने की पूरी स्वतंत्रता प्राप्त है. सरकारी सूत्रों ने यह भी साफ किया कि यदि किसी पक्ष को इस विशेष फिल्म को लेकर कोई आपत्ति या भ्रम है, तो वे स्पष्टीकरण के लिए भारत के रक्षा मंत्रालय से संपर्क कर सकते हैं. साथ ही सरकार ने यह दोहराया कि इस फिल्म के निर्माण, विषयवस्तु या प्रस्तुति में उसकी कोई भूमिका नहीं है और यह पूरी तरह से फिल्म निर्माताओं की स्वतंत्र रचनात्मक पहल है.
20 भारतीय सैनिक हुए थे शहीद
गलवान घाटी में 15-16 जून 2020 की रात भारत और चीन की सेनाओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे. इस संघर्ष में चीनी पक्ष को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा था, हालांकि चीन ने आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या स्पष्ट नहीं की थी. इस घटना के बाद भारत और चीन के बीच तनाव काफी बढ़ गया था. दोनों देशों ने लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) के पास बड़ी संख्या में सैनिकों और सैन्य साजो-सामान की तैनाती की थी. भारत ने संभावित चीनी आक्रामकता को रोकने के लिए सीमा क्षेत्रों में निगरानी, सर्वे और अन्य सैन्य गतिविधियां तेज कर दी थीं. बाद के वर्षों में दोनों देशों के बीच सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत के बाद कई इलाकों से डिसएंगेजमेंट हुआ और कुछ क्षेत्रों में बफर ज़ोन भी बनाए गए.
ये भी पढ़ें : भाईजान देने वाले हैं फैंस को ‘बैटल ऑफ गलवान’ का तोहफा… सलमान खान के 60वें जन्मदिन पर रिलीज होगी टीजर !
अप्रैल 2026 में रिलीज होगी फिल्म
फिल्म में चित्रांगदा सिंह सलमान खान के अपोजिट नजर आएंगी. ‘बैटल ऑफ गलवान’ के 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है. सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर टीजर शेयर करते हुए फिल्म की जानकारी दी थी. टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली.
अंतरराष्ट्रीय बहस का केंद्र बनी फिल्म
सलमान खान की बैटल ऑफ गलवान जहां एक ओर देश में देशभक्ति और सैनिकों के बलिदान की कहानी के रूप में देखी जा रही है, वहीं चीन की प्रतिक्रिया के बाद यह फिल्म भारत-चीन संबंधों और इतिहास की व्याख्या को लेकर एक नई बहस का केंद्र बन गई है. आने वाले समय में फिल्म के ट्रेलर और रिलीज के साथ यह विवाद और गहराने की संभावना जताई जा रही है.