India women cricket team : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी-20 मुकाबले में 15 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज पर 5-0 से कब्जा कर लिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने तीसरी बार किसी टी-20 इंटरनेशनल सीरीज को 5-0 के अंतर से जीतने का कारनामा किया.
सीरीज पर 5-0 से कब्जा
मंगलवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए. जवाब में श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी और लक्ष्य से 15 रन पीछे रह गई.भारत की जीत की नींव कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार अर्धशतकीय पारी ने रखी. हरमनप्रीत ने 43 गेंदों में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 68 रन बनाए और पारी को मजबूती दी. उनके अलावा अरुंधति रेड्डी ने 27 रन और अमनजोत कौर ने 21 रनों का अहम योगदान दिया. श्रीलंका की ओर से चमारी अटापट्टू, कविषा दिलहारी और रश्मिका सेवांदी ने 2-2 विकेट झटके, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने से रोक नहीं सकीं.
महिला टीम का तीसरा क्लीन स्वीप
सीरीज के दौरान भारत का प्रदर्शन हर मुकाबले में दमदार रहा. शुरुआती दो टी-20 मैच विशाखापट्टनम में खेले गए, जहां भारत ने पहला मुकाबला 8 विकेट और दूसरा मैच 7 विकेट से जीता. इसके बाद तिरुवनंतपुरम में खेले गए तीनों मुकाबलों में भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा. तीसरा मैच 8 विकेट से जीतने के बाद चौथे मुकाबले में भारत ने 30 रन से जीत दर्ज की और अंत में पांचवां टी-20 जीतकर सीरीज को क्लीन स्वीप के साथ खत्म किया. इससे पहले भारतीय महिला टीम वेस्टइंडीज और बांग्लादेश को भी इसी अंतर से हराकर क्लीन स्वीप कर चुकी है.