ना कोई स्टार…न ही गाने…फिर भी यह फिल्म बन गई 2025 की सबसे बड़ी स्लीपर हिट, लालो: कृष्ण सदा सहायते 100 करोड़ के क्लब में

Laalo Krishna Sada Sahaayate : साल 2025 में जब बड़े स्टार्स, भारी-भरकम बजट और हाई-ऑक्टेन एक्शन वाली फिल्मों की भरमार रही, उसी बीच एक छोटी बजट की गुजराती डिवोशनल फिल्म ने पूरे इंडियन सिनेमा को चौंका दिया. ‘लालो: कृष्ण सदा सहायते’ न सिर्फ 2025 की सबसे खास फिल्मों में शामिल हो गई, बल्कि इसने कमाई और मुनाफे के मामले में कई सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया. महज 50 लाख रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 120 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इसके साथ ही यह 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली गुजराती फिल्म बन गई है और अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली गुजराती मूवी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी है.

इंडियन सिनेमा की सबसे बड़ी स्लीपर हिट

लालो: कृष्ण सदा सहायते को इंडियन सिनेमा की सबसे बड़ी स्लीपर हिट कहना गलत नहीं होगा. बिना किसी बड़े स्टार, बिना गाने-डांस और बिना एक्शन के इस फिल्म ने दर्शकों को सिर्फ अपनी कहानी, भक्ति और भावनात्मक जुड़ाव के दम पर सिनेमाघरों तक खींचा. फिल्म का ग्रॉस प्रॉफिट करीब 24,000 प्रतिशत बताया जा रहा है, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. इस उपलब्धि के साथ लालो ने आमिर खान की सीक्रेट सुपरस्टार और पौराणिक फिल्म ‘जय संतोषी मां’ जैसे रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं, जिन्होंने करीब 6,000 प्रतिशत तक का मुनाफा कमाया था.

बड़े बजट की फिल्मों से भी आगे

अगर अन्य चर्चित फिल्मों से तुलना करें तो कांतारा चैप्टर 1 ने 125 करोड़ के बजट पर 850 करोड़ की कमाई की, जिसका प्रॉफिट लगभग 680% रहा. धुरंधर ने करीब 760% का प्रॉफिट कमाया है और इसकी कमाई अभी जारी है. सैयारा ने 40 करोड़ के बजट पर 10 गुना से ज्यादा कमाई करते हुए 1350% का मुनाफा दिया. इन आंकड़ों के मुकाबले ‘लालो’ का 24,000% प्रॉफिट पूरी तरह गेम-चेंजर साबित हुआ है.

रिकॉर्ड तोड़ गणित के पीछे क्या है कारण

फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक, अगर धुरंधर को लालो के बराबर प्रॉफिट रेशियो हासिल करना हो, तो उसे करीब 30,000 करोड़ रुपये (लगभग 3.3 बिलियन डॉलर) की कमाई करनी पड़ेगी जो हॉलीवुड की अवतार और एवेंजर्स: एंडगेम जैसी फिल्मों की कुल कमाई से भी ज्यादा है. ‘लालो: कृष्ण सदा सहायते’ की ऐतिहासिक सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बड़े स्टार और भारी बजट नहीं, बल्कि दमदार कंटेंट ही दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचता है. यह फिल्म न सिर्फ गुजराती सिनेमा के लिए मील का पत्थर है, बल्कि पूरे इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक नया बेंचमार्क भी सेट कर चुकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *