नए साल से आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला है सीधा असर…2026 में बदल जाएंगे ये बड़े नियम

January 2026 rules : नए साल 2026 की शुरुआत में अब कुछ ही घंटे शेष हैं। हर साल की तरह इस बार भी 1 जनवरी से कई अहम नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, आय और खर्च पर पड़ेगा। वेतन, पेंशन, किसानों की योजनाओं से लेकर गैस की कीमतों और क्रेडिट स्कोर तक नए साल के साथ कई बड़े फैसले लागू होने वाले हैं।

1 जनवरी 2026 से लागू होगा 8वां वेतन आयोग

केंद्र सरकार ने 8वें वेतन आयोग को पहले ही मंजूरी दे दी है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू हो जाएगा। इससे केंद्र सरकार के करीब 50 लाख कर्मचारियों और लगभग 69 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा मिलेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, नए वेतन आयोग के लागू होने से सरकारी कर्मचारियों के वेतन में 20 से 35 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे महंगाई के दौर में कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

क्रेडिट स्कोर अपडेट में बड़ा बदलाव

नए साल से क्रेडिट स्कोर अपडेट सिस्टम में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अभी तक क्रेडिट स्कोर महीने में एक बार अपडेट होता है, लेकिन 1 जनवरी 2026 से यह हर 7 दिन यानी साप्ताहिक आधार पर अपडेट किया जाएगा। इससे समय पर ईएमआई भरने वाले ग्राहकों को जल्दी फायदा मिलेगा और लोन व क्रेडिट कार्ड से जुड़े फैसलों में तेजी आएगी।

पढ़ें देश दुनिया दूसरी बड़ी खबरें 

पीएम किसान योजना के लिए जरूरी होगी किसान आईडी

केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के लिए किसान आईडी सिस्टम लागू करने का फैसला किया है। यह व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लागू होगी। इस डिजिटल किसान आईडी में किसान की भूमि, फसल, आधार और बैंक खाते से जुड़ी पूरी जानकारी दर्ज होगी। सरकार ने साफ किया है कि अगर किसान आईडी नहीं बनी तो पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली सालाना 6,000 रुपये की मदद रुक सकती है।

सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में मिल सकती है राहत

नए साल में आम लोगों को रसोई और ट्रांसपोर्ट के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है। सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में 2 से 3 रुपये प्रति यूनिट तक की कटौती हो सकती है। यह राहत पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) की ओर से घोषित टैरिफ एडजस्टमेंट के चलते संभव है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगा।

एलपीजी और एविएशन फ्यूल के दामों में बदलाव संभव

इसके अलावा नए साल के मौके पर एलपीजी सिलेंडर और एविएशन फ्यूल की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला तेल कंपनियों की मासिक समीक्षा के बाद लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *