न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में विराट कोहली का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन….बने सबसे तेज 28 हजार इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज

Virat Kohli record : वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में विराट कोहली की शानदार 93 रन की पारी की बदौलत टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से मात दे दी. इस जीत के साथ भारत ने वनडे क्रिकेट में 20वीं बार 300 से ज्यादा रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. रविवार को खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 300 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारतीय टीम ने विराट कोहली के नेतृत्व वाली पारी के दम पर लक्ष्य को 49 ओवर में हासिल कर लिया.

विराट कोहली का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन

इस मुकाबले में विराट कोहली ने 93 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया. अपनी इस पारी के दौरान कोहली ने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. कोहली ने अपनी पारी के दौरान जैसे ही 25वां रन बनाया, उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 28 हजार रन पूरे कर लिए. यह उपलब्धि उन्होंने महज 624 पारियों में हासिल की, जो अब तक का सबसे तेज रिकॉर्ड है. इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 644 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था.

इंटरनेशनल क्रिकेट के दूसरे टॉप रन स्कोरर

विराट ने पारी में 42वां रन बनाते ही श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया और इंटरनेशनल क्रिकेट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए.

  • विराट कोहली: 28,068 रन
  • कुमार संगकारा: 28,016 रन
  • सचिन तेंदुलकर: 34,357 रन (टॉप पर)

लगातार पांचवें वनडे में 50+ स्कोर

विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 93 रन बनाकर लगातार पांचवें वनडे में 50 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इससे पहले वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में फिफ्टी फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 शतक और 1 फिफ्टी और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 93 रनों की पारी. वनडे क्रिकेट में यह पांचवीं बार है जब कोहली ने लगातार पांच पारियों में 50+ का स्कोर बनाया है. इस मामले में वे दुनिया के टॉप बल्लेबाज बन गए हैं. इस लिस्ट में क्विंटन डी कॉक (दक्षिण अफ्रीका) – 2 बार, केन विलियमसन (न्यूजीलैंड) – 2 बार और बाबर आजम (पाकिस्तान) 2- बार का भी नाम है. जबकि विराट कोहली यह कारनामा 5 बार कर चुके हैं.

90’s में आउट होने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज

इस मैच में विराट कोहली 93 रन बनाकर आउट हुए. इसके साथ ही वे 37 साल 67 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट में 90 से 99 रन के बीच आउट होने वाले भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए. उन्होंने सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ा, जो 36 साल 282 दिन की उम्र में 90 के स्कोर पर आउट हुए थे. कुल मिलाकर विराट कोहली नौवीं बार वनडे में 90 से 99 रन के बीच आउट हुए हैं. इससे पहले वे एक बार वेस्टइंडीज के खिलाफ 99 रन पर भी आउट हो चुके हैं.

भारत की ऐतिहासिक जीत

इस जीत के साथ टीम इंडिया ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. भारत अब वनडे क्रिकेट में 20 बार 300 से ज्यादा रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल करने वाली पहली टीम बन गई है. विराट कोहली की फॉर्म में वापसी और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे अभी भी विश्व क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *