भारत की जगह श्रीलंका में मैच कराने की मांग पर अड़ा BCB… ICC से फिर दोहराई अपील

ICC Rejects Bangladesh Demand : टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बीच तनातनी बढ़ती जा रही है. बांग्लादेश बोर्ड भारत में (T20 World Cup) अपने मुकाबले खेलने के लिए तैयार नहीं है और लगातार वेन्यू बदलकर श्रीलंका कराने की मांग कर रहा है. BCB ने मंगलवार को ICC के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में एक बार फिर अपनी मांग दोहराई. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि वह अपने फैसले से पीछे हटने वाला नहीं है और खिलाड़ियों व सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है.

ICC ने शेड्यूल का हवाला देकर खारिज की मांग

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को ICC ने बांग्लादेश की वेन्यू बदलने की मांग को खारिज कर दिया था. ICC का कहना है कि टी-20 वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल पहले ही जारी हो चुका है और इसमें किसी तरह का बदलाव फिलहाल संभव नहीं है. हालांकि ICC ने BCB से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने का अनुरोध किया है.

सुरक्षा से कोई समझौता नहीं : BCB

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि वीडियो कॉन्फ्रेंस में हमने एक बार फिर अपनी मांग दोहराई है. ICC ने हमें बताया कि शेड्यूल घोषित हो चुका है और उसने हमसे अपने फैसले पर फिर से विचार करने को कहा है. लेकिन हमने अपना रुख नहीं बदला है. खिलाड़ियों, अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. हम समाधान निकालने के लिए ICC से बातचीत जारी रखेंगे.

मुस्तफिजुर विवाद से बिगड़े हालात

मामले की जड़ में मुस्तफिजुर रहमान का IPL से बाहर होना भी बड़ी वजह मानी जा रही है. बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं के बाद BCCI ने मुस्तफिजुर को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी थी. इसके बाद 3 जनवरी को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें टीम से रिलीज कर दिया. इस फैसले से बांग्लादेश सरकार और क्रिकेट बोर्ड नाराज हो गए. इसके बाद बांग्लादेश में IPL के प्रसारण पर भी रोक लगा दी गई और भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार कर दिया गया.

कोलकाता और मुंबई में होने हैं बांग्लादेश के मुकाबले

टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है. टीम के तीन मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जाने हैं.

  • 7 फरवरी: बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज
  • 9 फरवरी: बांग्लादेश बनाम इटली
  • 14 फरवरी: बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड

इसके अलावा बांग्लादेश का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ होना है.

ICC के सामने बड़ी चुनौती

अब ICC के सामने बड़ी चुनौती है कि वह टूर्नामेंट के शेड्यूल को बरकरार रखते हुए बांग्लादेश बोर्ड की चिंताओं का समाधान कैसे करे. अगर BCB अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो टी-20 वर्ल्ड कप के आयोजन पर असर पड़ सकता है. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के सख्त रुख से मामला और ज्यादा गंभीर होता नजर आ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *