Under 19 World Cup : पांच बार की चैम्पियन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम गुरुवार से शुरू हो रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत USA के खिलाफ मुकाबले से करेगी. भारत इस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड छठा खिताब जीतने (Vaibhav Suryavanshi) के इरादे से मैदान में उतरेगा. कागजों पर यह मुकाबला भारत के लिए आसान माना जा रहा है.
पिछला वर्ल्ड कप रहा था निराशाजनक
अब तक खेले गए 16 अंडर-19 वर्ल्ड कप में से भारत ने पांच बार ट्रॉफी अपने नाम की है और वह इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम रही है. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की शुरुआत 1988 में हुई थी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया पहली बार चैम्पियन बना था. भारत 2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था. इससे पहले टीम 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में चैम्पियन बनी थी. इस बार भारतीय टीम की नजरें छठी ट्रॉफी पर टिकी हैं.
वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी निगाहें
अंडर-19 वर्ल्ड कप ने क्रिकेट जगत को कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं. विराट कोहली, रोहित शर्मा, केन विलियमसन, जो रूट और स्टीव स्मिथ जैसे सितारों ने इसी मंच से अपनी पहचान बनाई थी. इस बार सभी की नजरें युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है. भारत के मौजूदा टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने भी 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं. उस टूर्नामेंट में पृथ्वी शॉ की कप्तानी में भारत ने खिताब जीता था.
संतुलित नजर आ रही है भारतीय टीम
भारतीय टीम की अगुवाई युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी करेंगे, जबकि कप्तानी की जिम्मेदारी आयुष म्हात्रे के कंधों पर होगी. विहान मल्होत्रा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे और टॉप ऑर्डर में आरोन जॉर्ज से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी. एशिया कप अंडर-19 में आरोन जॉर्ज ने 228 रन बनाकर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे, हालांकि फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को चौंका दिया था. कप्तान आयुष म्हात्रे का हालिया फॉर्म थोड़ी चिंता का विषय रहा है, लेकिन अभिज्ञान कुंडू जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ टीम को मजबूती देते हैं. महज 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी दुनिया के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में से एक बन चुके हैं. उन्होंने IPL 2025 सीजन में 35 गेंदों में शतक जड़कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था.
ये भी पढ़ें : भारत की जगह श्रीलंका में मैच कराने की मांग पर अड़ा BCB… ICC से फिर दोहराई अपील
तेज गेंदबाज़ी में दीपेश देवेंद्रन टीम के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं. उनके अलग-अलग एक्शन बल्लेबाज़ों को परेशानी में डाल सकते हैं. अंबरीश तेज गेंदबाज़ी के साथ उपयोगी बल्लेबाज़ भी हैं, जबकि किशन सिंह और हेनिल पटेल टीम के अन्य तेज गेंदबाज़ होंगे. अब देखना दिलचस्प होगा कि युवा भारतीय टीम इस बार इतिहास रचते हुए छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर पाती है या नहीं.