पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत से मचा बवाल… पोस्टमार्टम में यौन शोषण की आशंका

Patna girls hostel case : पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध मौत ने पूरे बिहार में आक्रोश फैला दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि छात्रा की मौत से पहले उसके साथ यौन उत्पीड़न की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. रिपोर्ट में छात्रा के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं.

गांव में शोक का माहौल

मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी एम्स से डॉक्टर बनना चाहती थी, लेकिन आज उसी बेटी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट एम्स भेजी गई है. उन्होंने सरकार के सुशासन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कैसी व्यवस्था है, जहां बेटियों के साथ दरिंदगी होती है और फिर उन्हें मौत के घाट उतार दिया जाता है. इस मामले की पड़ताल के लिए टीम बिहार के जहानाबाद जिले में पीड़ित परिवार के गांव पहुंची. छात्रा की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मां की तबीयत बार-बार बिगड़ रही है.

बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें

केस रफा-दफा करने के लिए 15 लाख रुपये का ऑफर

सवर्ण सेना के राष्ट्रीय संयोजक व अध्यक्ष भागवत शर्मा ने हॉस्टल संचालक पर सेक्स रैकेट चलाने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन और अस्पताल इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रहे थे. चाचा ने यहां तक कहा कि अगर अपराधी उन्हें सौंप दिया जाए तो वे उसे तालिबानी सजा देंगे. वहीं मृतका के मामा ने दावा किया कि परिवार को केस रफा-दफा करने के लिए 15 लाख रुपये तक का ऑफर दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान छात्रा होश में थी और अपनी मां से कुछ कहना चाहती थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बेहोशी की दवा देकर चुप करा दिया.

छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल

छात्रा के पिता ने साफ कहा कि यह लड़ाई सिर्फ उनकी बेटी की नहीं है. वे इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर करेंगे और अपराधी को फांसी की सजा दिलाने तक पीछे नहीं हटेंगे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर राज्य में छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

सोर्स : मीडिया रिपोर्ट 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *