Vaibhav Suryavanshi : भारतीय क्रिकेट को एक और उभरता हुआ सितारा मिलने की दहलीज पर है. महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी शनिवार को इतिहास रचने के बेहद करीब हैं. अंडर-19 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अगर वैभव सिर्फ 4 रन भी बना लेते हैं, तो वे यूथ वनडे क्रिकेट में भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. यह मुकाबला शनिवार को जिम्बाब्वे के बुलावायो में भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा.
विराट कोहली के नाम सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
इस समय यूथ वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है, जिन्होंने 28 मैचों में 978 रन बनाए थे. वहीं वैभव सूर्यवंशी ने अब तक 19 मैचों में 975 रन बना लिए हैं. ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उतरते ही उनके पास विराट कोहली को पीछे छोड़ने का ऐतिहासिक मौका होगा.अगर वैभव यह रिकॉर्ड अपने नाम करते हैं तो यह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए एक और बड़ी उम्मीद बनकर उभरेंगे.
ये भी पढ़ें : सबसे तेज 28 हजार इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज
दूसरी जीत भारत की पर नजर
इस मुकाबले में भारतीय टीम की नजर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज करने पर होगी. टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में अमेरिका को 6 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की थी. हालांकि उस मैच में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 2 रन ही बना सके थे, लेकिन उनकी फॉर्म और रिकॉर्ड को देखते हुए उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है. अंडर-19 क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी लगातार शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं और अब वे उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल होने जा रहे हैं, जिनमें विराट कोहली, सरफराज खान और शुभमन गिल जैसे नाम शामिल हैं.