पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पुलिस और शंभू गर्ल्स हॉस्टल की पोल..! मामले को रफा दफा करने किसने मांगा 15 लाख ?

NEET Girl Rape Murder : पटना शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. रिपोर्ट में छात्रा के शरीर पर 10 से ज्यादा जगहों पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं और यौन शोषण की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है. रिपोर्ट के आधार पर अब इस पूरे मामले को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या के एंगल से भी जांचा जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) के फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम द्वारा तैयार की गई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि छात्रा के सिर, चेहरे, पीठ, हाथ-पैर और पेट पर गंभीर चोटों के निशान हैं. शरीर के कई हिस्सों पर खरोंच और दबाव के निशान भी मिले हैं, जिससे संघर्ष की आशंका जताई जा रही है.

पिता ने प्रशासन पर उठाए सवाल

मृतका के पिता ने सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मेरी बेटी एम्स की डॉक्टर बनना चाहती थी. वह पढ़ाई के लिए पटना गई थी. हमें क्या पता था कि उसकी जान ही ले ली जाएगी. यह कैसी व्यवस्था है जहां बेटियां सुरक्षित नहीं हैं? उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले. इससे पहले मामले में सवर्ण सेना के राष्ट्रीय संयोजक व अध्यक्ष भागवत शर्मा ने हॉस्टल संचालक श्रवण अग्रवाल, पत्नी नीलम अग्रवाल और भवन का मालिक मनीष कुमार रंजन पर आरोप लगाया कि घटना के बाद इन लोगों ने छात्रा के परिजन को मामला रफा-दफा करने के लिए 10 से 15 लाख का ऑफर दिया था.

पुलिस की थ्योरी पर उठे सवाल

घटना के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला बताया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की थ्योरी पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. रिपोर्ट में शरीर पर कई जगहों पर जख्म मिलने के बाद पुलिस अब हत्या और यौन उत्पीड़न के एंगल से भी जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के मोबाइल, कॉल डिटेल्स, सोशल मीडिया चैट और हॉस्टल में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम बिहार के जहानाबाद जिले में पीड़ित परिवार के गांव पहुंची है. वहां परिजनों से पूछताछ की जा रही है और छात्रा के व्यवहार, दोस्तों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि छात्रा के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

ये भी पढें :पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत से मचा बवाल… पोस्टमार्टम में यौन शोषण की आशंका

बड़े सवाल जो अब भी अनसुलझे

मामले को पुलिस की थ्योरी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए खुलासा के बाद कई सवाल है जिसके जबाव से शायद यह साफ हो सकेगा कि छात्रा के साथ हुए घटना के लिए कौन कौन जिम्मेदार है.जैसे कि क्या छात्रा की मौत आत्महत्या है या हत्या? शरीर पर 10 से ज्यादा चोट के निशान कैसे आए? क्या छात्रा के साथ यौन शोषण हुआ था? अगर हां तो किसने किया ? हॉस्टल में घटना के वक्त कौन-कौन मौजूद था? सीसीटीवी कैमरे क्यों काम नहीं कर रहे थे? छात्रा का आखिरी बार किससे संपर्क हुआ था? पोस्टमार्टम में देरी क्यों हुई? हॉस्टल प्रशासन की जिम्मेदारी तय क्यों नहीं हुई? बिना पूरा जांच किए पुलिस ने मौत को आत्महत्या कैसे बताया ? इस मामले को लेकर विपक्षी दलों ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है. राजद, कांग्रेस और वाम दलों ने इसे सुशासन के दावों की पोल खोलने वाला मामला बताया है. नेताओं ने कहा है कि बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.

सरकार ने दिए जांच के आदेश

राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. गृह विभाग ने पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. ज्ञात हो कि बिहार पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए SIT का गठन कर इसकी कमान पटना पूर्वी सिटी एसपी को सौंपी है. गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. गुरुवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के साथ दरिंदगी की बात सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है उससे पहले तक पुलिस मामले को आत्महत्या बता रही थी.

क्या है पूरा मामला

जानकारी के लिए बता दें कि 6 जनवरी को पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल स्थित अपने कमरे में जहानाबाद की एक छात्रा बेहोश पाई गई थी. जिसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां बीते रविवार को छात्रा ने दम तोड़ दिया. छात्रा की मौत को लेकर परिजन ने आरोप लगाया कि उसके साथ रेप के बाद उसका मर्डर किया गया. मामले में पुलिस ने हॉस्टल मालिक को सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया और पुलिस ने बताया कि छात्रा ने आत्महत्या कर अपनी जान दे दी हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है. जिसके बाद यह मामला सिर्फ एक संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि एक संभावित हत्या और यौन उत्पीड़न का मामला लग रहा है.

सोर्स : मीडिया रिपोर्ट 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *