Bihar News : बिहार के मोतिहारी जिले के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर परिसर में शनिवार को विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की ऐतिहासिक स्थापना की गई. ग्रेनाइट से निर्मित करीब 210 टन वजनी इस विशाल शिवलिंग की स्थापना वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ की गई. इस मौके पर पूरे परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे.
सहस्त्रलिंगम शिवलिंग की विधिवत स्थापना
वाराणसी और अयोध्या से आए विद्वान पंडितों ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई. इसके बाद सहस्त्रलिंगम शिवलिंग की विधिवत स्थापना हुई. कार्यक्रम के दौरान गंगा, यमुना समेत देश की आठ पवित्र नदियों के जल से शिवलिंग का अभिषेक किया गया. इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मंदिर परिसर पहुंचे और पूजा में शामिल हुए. महावीर मंदिर न्यास बोर्ड के सचिव सायन कुणाल और उनकी सांसद पत्नी शांभवी ने भी विधिवत पूजा-अर्चना की. उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा भी सायन कुणाल के साथ पूजा में शामिल हुए.
पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल
शिवलिंग स्थापना समारोह को लेकर पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल देखने को मिला. देश के विभिन्न हिस्सों से साधु-संत और हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे. मंदिर परिसर के आसपास फूल, पूजा-सामग्री और प्रसाद की दुकानों से रौनक बनी रही. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. हालांकि कार्यक्रम के दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की तैयारी थी, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया. विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना के साथ ही मोतिहारी का विराट रामायण मंदिर एक बार फिर धार्मिक और आध्यात्मिक आस्था के बड़े केंद्र के रूप में देशभर में चर्चा का विषय बन गया है.