अब साथ नहीं दे पा रहा शरीर…ओलंपिक मेडलिस्ट साइना नेहवाल ने किया रिटायरमेंट का ऐलान

Saina Nehwal Retirement : भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने प्रतिस्पर्धी खेल से संन्यास लेने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। लंबे समय से चोट से जूझ रहीं साइना ने कहा कि उनका शरीर अब एलीट लेवल की ट्रेनिंग और मुकाबलों की मांगों को पूरा करने की स्थिति में नहीं है। 35 वर्षीय साइना नेहवाल ने एक पॉडकास्ट में रिटायरमेंट की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने करीब दो साल पहले ही खेलना छोड़ दिया था, लेकिन अब जाकर इस पर सार्वजनिक रूप से मुहर लगाई है। उनका आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला साल 2023 में सिंगापुर ओपन में था। इसके बाद वह लगातार घुटने की गंभीर चोट के कारण कोर्ट से दूर रहीं।

क्यों लिया रिटायरमेंट का फैसला

एक पॉडकास्ट में साइना ने कहा कि मैंने दो साल पहले ही खेलना छोड़ दिया था। मुझे लगा कि मैंने अपनी शर्तों पर खेलना शुरू किया और अपनी शर्तों पर ही विदा लूंगी तो घोषणा करने की जरूरत नहीं थी। अगर आप और खेलने में सक्षम नहीं हैं तो कोई बात नहीं। उन्होंने बताया कि उनके घुटने का कार्टिलेज पूरी तरह खराब हो चुका है और उन्हें आर्थराइटिस की समस्या है, जिसके चलते हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग करना अब संभव नहीं रह गया था। आप दुनिया में सबसे अच्छा बनने के लिए आठ से नौ घंटे ट्रेनिंग करते हैं, लेकिन अब मेरा घुटना एक-दो घंटे में ही जवाब दे देता था। साइना ने कहा कि मैंने अपने माता-पिता और कोच से कहा कि अब शायद मैं यह और नहीं कर पाऊंगी.

भारत को दिलाया पहला ओलंपिक बैडमिंटन मेडल

साइना पिछले ढाई से तीन साल से प्रोफेशनल बैडमिंटन में सक्रिय नहीं थीं। घुटने की गंभीर समस्या के कारण वह लगातार कोर्ट से दूर बनी रहीं। हालांकि उन्होंने अब तक आधिकारिक तौर पर संन्यास की घोषणा नहीं की थी। साइना नेहवाल भारतीय बैडमिंटन की सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक रही हैं। उन्होंने लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। वह बैडमिंटन में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थीं। साइना साल 2015 में विश्व रैंकिंग में नंबर-1 खिलाड़ी भी बनी थीं।

करियर की प्रमुख उपलब्धियां

  • ओलंपिक कांस्य पदक -लंदन 2012
  • विश्व रैंकिंग नंबर-1- 2015
  • बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड जूनियर चैंपियन -2008
  • सुपर सीरीज खिताब -इंडोनेशिया ओपन 2009
  • कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड -2010 और 2018
  • दो सिंगल गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी

देश के सर्वोच्च खेल सम्मानों से सम्मानित

भारत सरकार ने साइना नेहवाल को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा है

  • अर्जुन पुरस्कार -2009
  • मेजर ध्यानचंद खेल रत्न -2010
  • पद्म श्री- 2010
  • पद्म भूषण -2016

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *