न्यूजीलैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने तोड़ा युवराज सिंह का रिकॉर्ड…टी20 क्रिकेट में 5000 रन पूरे कर रचा इतिहास

Abhishek sharma : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया, जहां भारतीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया. मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही.

35 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी

ओपनर संजू सैमसन और फिर ईशान किशन जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन एक छोर पर अभिषेक शर्मा डटे रहे और उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. अपनी फिफ्टी पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 8 छक्के लगाए. अभिषेक शर्मा ने 35 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने कुल 8 लंबे छक्के लगाए. इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपने गुरु युवराज सिंह का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. दरअसल, युवराज सिंह ने टी20 इंटरनेशनल में 51 पारियों में 74 छक्के लगाए थे, जबकि अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 33 पारियों में ही 81 छक्के जड़ दिए हैं. यानी अभिषेक ने 18 पारियां पहले ही युवराज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

टी20 क्रिकेट में 5000 रन

भारतीय क्रिकेट के युवा स्टार अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. उन्होंने महज 165 पारियों में 5000 रन पूरे कर लिए हैं और इस दौरान विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. विराट कोहली ने अपने टी20 करियर में 5000 रन 167 पारियों में पूरे किए थे, जबकि अभिषेक शर्मा ने यह मुकाम उनसे दो पारियां पहले हासिल कर लिया. भारत के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन बनाने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम है, जिन्होंने 143 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था. इस सूची में दूसरे स्थान पर शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 154 पारियों में 5000 रन पूरे किए थे. अब अभिषेक शर्मा भी इस खास क्लब में शामिल हो गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *