Siwan blast news : बिहार के सिवान जिले में अवैध रूप से चल रही पटाखा निर्माण इकाई में हुए जोरदार विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
घर में अवैध तरीके से पटाखों का निर्माण
पुलिस के मुताबिक घटना सिवान जिले के हुसैनगंज प्रखंड अंतर्गत बरगाम गांव की है. यहां 50 वर्षीय मुरतज्जा अंसारी अपने घर में ही अवैध तरीके से पटाखों का निर्माण कर रहा था. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया. विस्फोट इतना तीव्र था कि उसकी आवाज पूरे गांव में सुनाई दी और घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. धमाके के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने बताया कि मुरतज्जा अंसारी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि उसके परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल पाए गए. घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पहले भी हो चुका था पटाखा बनाने के मामले में गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि मुरतज्जा अंसारी पहले भी अवैध रूप से पटाखा बनाने के मामले में गिरफ्तार हो चुका था. इसके बावजूद वह दोबारा अपने घर में विस्फोटक सामग्री रखकर पटाखा निर्माण कर रहा था. घटना के बाद जिला प्रशासन ने अवैध पटाखा निर्माण को लेकर सख्ती के संकेत दिए हैं. पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी. साथ ही, जिले में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा.