पर्याप्त और उपयुक्त है दरभंगा के गालीबाज दारोगा को निलंबन की सजा ! वायरल वीडियो के बाद SSP की कार्रवाई

Darbhanga local news : दरभंगा के बेंता थाना के थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को बुधवार (28 जनवरी, 2026) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई है, जिसमें वे एक वाहन चालक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते और मारपीट की कोशिश करते नजर आ रहे हैं.

वायरल वीडियो के बाद SSP की कार्रवाई

वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार चालक से गाली-गलौज करते हुए उसे गाड़ी से बाहर निकालने के लिए खींचते दिख रहे हैं. घटना के समय वाहन में पीछे की सीट पर एक महिला डॉक्टर मौजूद थीं, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस विभाग की ओर से मामले को संज्ञान में लिया गया. जानकारी के अनुसार संबंधित वाहन नो-एंट्री (वन-वे) मार्ग में प्रवेश कर गया था. इसी को लेकर थानाध्यक्ष और चालक के बीच विवाद हुआ. महिला डॉक्टर ने पुलिसकर्मी से शांतिपूर्वक बात करने और नियमों के अनुसार जुर्माना देने की बात कही, लेकिन थानाध्यक्ष ने उनकी बातों को अनसुना करते हुए आक्रामक व्यवहार जारी रखा.

बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार निलंबित

वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच सदर SDPO-1 को सौंपी गई थी. जांच के दौरान प्रथम दृष्टया थानाध्यक्ष का आचरण अनुशासनहीन और अमर्यादित पाया गया. इसके बाद दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को निलंबित करने का आदेश जारी किया. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता मिलेगा. साथ ही इस अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष द्वारा अभद्र भाषा के प्रयोग और अमर्यादित व्यवहार की पुष्टि हुई है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए आम नागरिकों के साथ मर्यादित व्यवहार अनिवार्य है और इस तरह के आचरण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *