Deputy CM of Maharashtra : राजनीति चीज ही ऐसी है..महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की चिता अभी शांत भी नहीं हुई होगी लेकिन राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. पार्टी और परिवार के साथ राजनीतिक हलको में जो सवाल सबसे ज्यादा किया जा रहा है वो है अब आगे क्या ?
सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी पत्नी और वर्तमान राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावनाओं पर चर्चा चल रही है. बताया जा रहा है कि एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे ने इस संबंध में सुनेत्रा पवार से मुलाकात की है. रिपोर्ट्स में सुनेत्रा पवार के आगामी विधानसभा चुनाव में अजित पवार की परंपरागत बारामती सीट से चुनाव लड़ने की बात भी चल रही है. इस प्रस्ताव को लेकर एनसीपी नेताओं के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है. वहीं, एनसीपी के शरद पवार गुट के साथ पार्टी के संभावित विलय को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं.
विमान हादसे में अजित पवार का निधन
गौरतलब है कि बुधवार को बारामती एयरपोर्ट पर हुए एक विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था. वे 66 वर्ष के थे. इस हादसे में उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू सदस्य समेत कुल पांच लोगों की मौत हुई है. अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है.