T20 World Cup 2026 : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान सरकार की ओर से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चुनिंदा मैच खेलने के निर्देश पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. आईसीसी ने साफ शब्दों में कहा है कि इस तरह का फैसला किसी भी वैश्विक खेल आयोजन की मूल भावना के खिलाफ है और इससे टूर्नामेंट की निष्पक्षता व विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं. आईसीसी ने बताया कि वह इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से आधिकारिक और लिखित सूचना की प्रतीक्षा कर रही है. हालांकि परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी एक टीम द्वारा तय कार्यक्रम के तहत होने वाले मैच का बहिष्कार करना अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है.
भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार
पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की है कि उसकी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी. यह हाई-वोल्टेज मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में प्रस्तावित है.
बराबरी की शर्तों पर होते हैं वर्ल्ड कप मुकाबले
आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि वर्ल्ड कप जैसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सभी क्वालिफाई टीमें तय शेड्यूल के अनुसार बराबरी की शर्तों पर मुकाबला करती हैं. किसी एक टीम का चुनिंदा मैच खेलने का निर्णय प्रतियोगिता की निष्पक्षता, निरंतरता और खेल भावना को सीधे तौर पर प्रभावित करता है. क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने यह भी कहा कि आईसीसी टूर्नामेंट्स खेल की पवित्रता, प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं. ऐसे में आंशिक भागीदारी इन मूल्यों को कमजोर करती है और टूर्नामेंट की साख को नुकसान पहुंचाती है.
सरकारी भूमिका का सम्मान लेकिन फैसले से असहमति
आईसीसी ने यह दोहराया कि वह राष्ट्रीय नीतिगत मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करती है, लेकिन यह फैसला वैश्विक क्रिकेट, टूर्नामेंट की विश्वसनीयता और दुनियाभर के करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों, खासतौर पर पाकिस्तान के फैंस के हित में नहीं है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस फैसले के दूरगामी और गंभीर परिणामों पर गंभीरता से विचार करेगा. आईसीसी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इसका असर न सिर्फ पाकिस्तान क्रिकेट पर पड़ेगा, बल्कि पूरे वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम पर भी होगा, जिसका PCB खुद हिस्सा है और जिससे वह लाभ उठाता रहा है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफल आयोजन प्राथमिकता
आईसीसी ने स्पष्ट किया कि उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफल और सुचारू आयोजन है. यह जिम्मेदारी PCB समेत सभी सदस्य बोर्डों की है. परिषद ने PCB से अपील की है कि वह सभी हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति से समाधान निकालने की दिशा में आगे बढ़े.