हरिनगर गांव में मजदूरी विवाद ने लिया जातीय तनाव का रूप… 200 से अधिक लोगों पर SC/ST एक्ट में FIR !

Darbhanga Harinagar SC ST Act Case : दरभंगा जिले के हरिनगर गांव में एक मजदूरी भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर सामाजिक और कानूनी संकट का रूप ले चुका है. गांव में निर्माण कार्य की मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद ब्राह्मण समुदाय के 200 से अधिक लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने अब तक 12 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और हालात को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

क्या है पूरा मामला

मामले की शुरुआत गांव के एक दलित परिवार द्वारा लगाए गए आरोप से हुई, जिसमें कहा गया कि उनके घर के निर्माण कार्य के लिए कराई गई मजदूरी की लगभग ₹2.5 लाख की राशि का भुगतान नहीं किया गया. इसी मुद्दे को लेकर 30 जनवरी को गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी. इसके अगले ही दिन, 31 जनवरी को विवाद ने उग्र रूप ले लिया. दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई.

दोनों पक्षों ने दी पुलिस में शिकायत

मीडिया रिेपोर्ट के अनुसार 30 जनवरी को ही ब्राह्मण समुदाय की ओर से भी पुलिस में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोप लगाया जा रहा है कि उस शिकायत पर पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. जिसके बाद फिर SC/ST समुदाय की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई जिसमें जातीय अपमान, धमकी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पीड़ित पक्ष ने अपनी शिकायत में 70 लोगों को नामजद किया है, जबकि 140 से अधिक लोगों को अज्ञात के रूप में शामिल किया गया है. इसी आधार पर पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों को FIR में आरोपी बना दिया, जिससे मामला और अधिक विवादित हो गया.

जो वर्षों से गांव में नहीं उनका भी FIR में शामिल

ग्रामीणों का कहना है कि FIR में कई ऐसे लोगों के नाम शामिल कर दिए गए हैं, जो वर्षों से गांव में रह ही नहीं रहे हैं. इसे लेकर ब्राह्मण समुदाय में भारी नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि बिना समुचित जांच के पूरे समुदाय को सामूहिक रूप से आरोपी बना दिया गया. गांव के लोगों का कहना है कि यह मूल रूप से एक आर्थिक विवाद था, लेकिन बाद में इसे जातीय रंग दे दिया गया, जिससे पूरे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है.

पुलिस का दावा, साक्ष्य के आधार पर होगी कार्रवाई

दरभंगा पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और इसकी निष्पक्ष जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार SC/ST एक्ट के तहत दर्ज शिकायत की गंभीरता से जांच की जा रही है. किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज व अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन लगातार गांव में गश्त कर रहा है. फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है, हालांकि पुलिस और प्रशासन का दावा है कि हालात नियंत्रण में हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *