vaibhav sooryavanshi : आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया. शुक्रवार, 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 35 ओवर के खेल के बाद 4 विकेट पर 305 रन बना लिए. इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में एलेक्स ग्रीन सबसे सफल रहे, जिन्होंने दो विकेट झटके. वहीं मैनी लुम्सडेन और जेम्स मीटो को एक-एक सफलता मिली.
वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी
भारतीय पारी की सबसे बड़ी झलक 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी रही. वैभव ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और महज 55 गेंदों में शतक पूरा कर दिया. यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे तेज शतक है, जबकि टूर्नामेंट के ओवरऑल इतिहास में यह दूसरा सबसे तेज शतक भी है. वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों पर 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. उनकी इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे. उन्होंने 218.75 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह बिखेर दिया. वैभव को मैनी लुम्सडेन ने कैच आउट कराया.
अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी की यह पारी कई रिकॉर्ड्स से भरी रही. वह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह उपलब्धि उन्मुक्त चंद और मनजोत कालरा ने हासिल की थी. इसके अलावा वैभव फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं. इतना ही नहीं, वैभव किसी एक अंडर-19 वर्ल्ड कप पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने इस टूर्नामेंट में कुल 30 छक्के लगाए हैं, जिससे उन्होंने साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस और न्यूजीलैंड के फिन एलन का रिकॉर्ड तोड़ दिया. ब्रेविस ने 2022 के संस्करण में 18 छक्के लगाए थे, जबकि एलन ने 2016 और 2018 संस्करणों को मिलाकर कुल 18 छक्के जड़े थे.
विशाल स्कोर की ओर भारत
वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी के दम पर भारत ने फाइनल में मजबूत पकड़ बना ली है और टीम एक विशाल स्कोर की ओर अग्रसर है. इस दौरान अन्य भारतीय बल्लेबाजों ने भी अहम योगदान दिया. विहान मल्होत्रा ने 30 रन बनाए, जबकि आयुष म्हात्रे ने अर्धशतक जड़ते हुए 53 रनों की उपयोगी पारी खेली. फिलहाल क्रीज पर वेदांत त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू मौजूद हैं और भारतीय टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है.