कंगाल पाकिस्तान ने फिर कराई अपनी बेइज्जती…अब ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी हॉकी टीम की हुई फजीहत

Sports news : पाकिस्तानी हॉकी टीम को Canberra में उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब होटल में अग्रिम भुगतान न पहुंचने के कारण उनकी बुकिंग रद्द कर दी गई. यह घटना FIH Pro League के दूसरे चरण के दौरान हुई, जहां टीम Hobart में मुकाबले खेलने पहुंची है.

होटल ने बुकिंग से किया इनकार

टीम सूत्रों के अनुसार खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए कैनबरा के एक चार सितारा होटल में कमरे बुक किए गए थे. उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि Pakistan Hockey Federation और Pakistan Sports Board ने अग्रिम भुगतान कर दिया है. हालांकि, टीम के कैनबरा पहुंचने पर होटल प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया कि उनके नाम से कोई बुकिंग दर्ज नहीं है और भुगतान भी प्राप्त नहीं हुआ है. इसके चलते खिलाड़ियों और अधिकारियों को कई घंटों तक होटल के बाहर इंतजार करना पड़ा.टीम के एक करीबी सूत्र ने बताया कि मुख्य कोच ताहिर जमान को समय अंतर के कारण लाहौर स्थित अधिकारियों से तुरंत संपर्क करने में कठिनाई हुई. उन्होंने संदेश के जरिए स्थिति से अवगत कराया और बताया कि लंबी यात्रा के बाद खिलाड़ियों के पास ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं है.

घंटों इंतजार के बाद मिली राहत

सूत्रों के मुताबिक कई घंटों की बातचीत के बाद होटल प्रबंधन ने कुछ कमरों की अस्थायी व्यवस्था की. कमरों की कमी के कारण दो से तीन खिलाड़ियों को एक ही कमरे में रुकना पड़ा. अगले ही दिन टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेला, जिसमें उसे 2-3 से हार का सामना करना पड़ा. टीम प्रो लीग के होबार्ट चरण में ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी शीर्ष टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा कर रही है. प्रो लीग के मौजूदा सत्र में पाकिस्तान अब तक अपने सभी छह मैच गंवा चुका है. ऐसे में मैदान के बाहर की यह घटना टीम और देश की छवि के लिए एक और झटका मानी जा रही है.

पहले भी सामने आ चुकी हैं समस्याएं

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों को विदेशी दौरे पर वित्तीय या प्रबंधन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले अर्जेंटीना में आयोजित प्रो लीग चरण के दौरान खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता समय पर नहीं मिलने की खबरें भी सामने आई थीं. इस बार टीम बिना मैनेजर के ऑस्ट्रेलिया गई है. पूर्व ओलंपियन अंजुम सईद को अनुशासनात्मक कारणों से टीम प्रबंधन से हटा दिया गया था. टीम के रवाना होने से पहले पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड ने खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता बढ़ाकर 115 अमेरिकी डॉलर कर दिया था. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कैनबरा में कुछ पाकिस्तानी समुदाय के लोगों ने भी खिलाड़ियों की सहायता की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *