Akshara Singh :भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों गायक-अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, ज्योति सिंह ने अदालत में 10 करोड़ रुपये की एलिमनी (भरण-पोषण) की मांग की है. इस मामले ने इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर व्यापक बहस छेड़ दी है.
ज्योति के समर्थन में आई अक्षरा
इसी बीच भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. मीडिया से बातचीत में अक्षरा सिंह ने कहा कि अगर आपने शादी की है और किसी को अपने जीवन में लेकर आए हैं, तो आपके ऊपर जिम्मेदारी भी बनती है. एक महिला का अधिकार है कि वह अपनी एलिमनी ले. उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि जो उन्होंने (ज्योति सिंह) झेला है, उसके बाद 100 करोड़ रुपये भी कम पड़ जाएंगे. अक्षरा सिंह के इस बयान को कई लोग महिलाओं के अधिकारों के समर्थन के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने इसे निजी मामले में सार्वजनिक टिप्पणी बताया है.
पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच क्या है तनाव
गौरतलब है कि पवन सिंह और ज्योति सिंह के वैवाहिक संबंधों में लंबे समय से तनाव की खबरें सामने आती रही हैं. मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है. पवन सिंह की ओर से इस विषय पर अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इस पूरे घटनाक्रम ने भोजपुरी इंडस्ट्री में एक बार फिर कलाकारों के निजी जीवन और सार्वजनिक छवि को लेकर बहस छेड़ दी है.