Char Dham Yatra 2026 : उत्तराखंड के पवित्र चारधामों के कपाट खुलने की तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है. द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ मंदिर के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे वृष लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे. कपाट खुलने की तिथि की घोषणा शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद की गई.
23 अप्रैल को खुलेंगे बदरीनाथ धाम के कपाट
भगवान शिव को समर्पित इस पावन धाम में हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इस वर्ष टी. गंगाधर लिंग को बाबा केदारनाथ धाम का मुख्य पुजारी नियुक्त किया गया है, जो परंपरानुसार पूजा-अर्चना का दायित्व निभाएंगे. चारधामों में प्रमुख स्थान रखने वाले बदरीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल 2026 को ब्रह्म मुहूर्त में प्रातः 06 बजकर 15 मिनट पर खोले जाएंगे. मंदिर समिति के अनुसार, गाडू घड़ा यात्रा 7 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी, जिसके साथ ही चारधाम यात्रा की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो जाएंगी.
अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री और यमुनोत्री धाम
चारधाम यात्रा के तहत श्रद्धालुओं के लिए गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर के कपाट अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर 19 अप्रैल 2026 को खोले जाएंगे. चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.