किताब नहीं अभी क्रिकेट पर ध्यान देंगे वैभव सूर्यवंशी…पिता ने बताया 10वीं परीक्षा से दूरी की क्या है बड़ी बजह

Vaibhav Suryavanshi : बिहार के उभरते क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं. हालांकि इस बार वजह उनकी बल्लेबाज़ी नहीं, बल्कि 10वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर लिया गया फैसला है. वैभव के पिता ने कहा कि वैभव इस वर्ष सीबीएसई की 10वीं परीक्षा में शामिल नहीं होंगे और उन्होंने फिलहाल अपना पूरा ध्यान क्रिकेट पर केंद्रित करने का निर्णय लिया है.

परीक्षा नहीं देंगे वैभव

सोशल मीडिया पर हाल ही में खबरें वायरल हो रही थीं कि वैभव इस साल सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा देंगे. लेकिन 17 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा में उनके शामिल होने की संभावना अब लगभग समाप्त हो चुकी है. वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि की कि वैभव इस वर्ष परीक्षा नहीं देंगे. उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर और आईपीएल की तैयारियों के कारण परीक्षा देना संभव नहीं था. अगले वर्ष वे बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे.

प्रशासन भी हुआ सक्रिय

सूत्रों के अनुसार परीक्षा में शामिल होने की खबरों के बीच स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया था. डीएसपी स्तर से कई थानों की पुलिस को तैयार रहने के निर्देश दिए गए थे. हालांकि परिवार ने साफ कर दिया कि इस बार वैभव परीक्षा में नहीं बैठेंगे. ताजपुर के मॉडस्टी स्कूल के निदेशक आदर्श कुमार पिंटू ने मीडिया को बताया कि परीक्षा फॉर्म भरा जा चुका था और एडमिट कार्ड भी जारी हो गया था. सीबीएसई ने उनका परीक्षा केंद्र शहर के पोदार इंटरनेशनल स्कूल में निर्धारित किया था, लेकिन अब वे परीक्षा में शामिल नहीं होंगे.

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन

आईपीएल 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद वैभव को सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. इसके तहत उन्हें टाटा कर्व ईवी कार देने की घोषणा हुई. खास बात यह रही कि वैभव ने यह कार अपनी मां को उपहार स्वरूप भेंट कर दी. 15 वर्ष के इस युवा खिलाड़ी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी से क्रिकेट जगत में अलग पहचान बनाई है. फिलहाल उनकी प्राथमिकता क्रिकेट का बड़ा मंच है, जबकि परीक्षा के मैदान में वापसी वे अगले वर्ष करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *