राजनीति को अलविदा कहने वाले है भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव…! शराबबंदी को लेकर सरकार पर कसा तंज

Khesari Lal Yadav : भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि उनका राजनीति में जाने का कोई इरादा नहीं है. पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे और कलाकार के तौर पर ही काम करना चाहते हैं.

राजनीति में सच बोलकर काम नहीं चलता…

बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर जवाब देते हुए खेसारी ने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं. मैं कलाकार हूं और मुझे कलाकार ही रहने दीजिए. उन्होंने कहा कि राजनीति उनके स्वभाव के अनुकूल नहीं है. राजनीति में सच बोलकर काम नहीं चलता. उन्होंने कहा कि हम सच बोलने वाले लोग हैं, इसलिए वहां फिट नहीं बैठते. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उस अनुभव के बाद उन्हें लगा कि राजनीति में सच्चाई की कद्र नहीं है. अब वह पूरी तरह अपने संगीत और अभिनय करियर पर ध्यान देना चाहते हैं.

पवन सिंह के तलाक विवाद पर चुप्पी

भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे विवाद पर खेसारी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने इसे निजी मामला बताते हुए कहा कि पहले कुछ बोल दिया था तो काफी ट्रोलिंग हुई. अब मैं कुछ नहीं कहूंगा. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनकी भी एक बेटी है और ऐसे पारिवारिक मामलों पर सार्वजनिक बयान देना उचित नहीं समझते.

बंगाल चुनाव और तेज प्रताप पर प्रतिक्रिया

पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रचार को लेकर पूछे गए सवाल पर खेसारी ने कहा कि अगर कोई भी पार्टी उन्हें बुलाती है तो वह प्रचार के लिए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि चाहे बीजेपी हो, राजद हो या कोई और दल, बुलावा आएगा तो जरूर जाऊंगा. राजद नेता तेज प्रताप यादव के स्टार वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी ने कहा कि कोई भी हमेशा स्टार नहीं रहता, यह प्रकृति का नियम है.

सरकार और सामाजिक मुद्दों पर बयान

मीट बिक्री और शराबबंदी को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बाहर से बहुत कुछ बंद दिखता है, लेकिन अंदर सब चलता रहता है. बेटियों की सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि अगर बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की है. उन्होंने कहा कि हर घर में एक बेटी होनी चाहिए, तभी दर्द समझ में आता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *