rajpal yadav news : राजपाल यादव हाल ही में चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा हो गए हैं. उन्हें दिल्ली हाई कोर्ट ने अंतरिम जमानत दी, जिसके बाद 12 दिनों तक जेल में रहने के बाद वह बाहर आए. रिहाई के तुरंत बाद उन्होंने अपने परिवार के साथ समय बिताया और अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए.
पुराना बयान सोशल मीडिया पर वायरल
जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी का खास तौर पर धन्यवाद किया. दरअसल जब राजपाल जेल में थे, उस दौरान नवाजुद्दीन का एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. उस बयान में नवाजुद्दीन ने कहा था कि संघर्ष के दिनों में राजपाल यादव ने उनकी काफी मदद की थी और वह उनके घर खाना खाते थे.अब इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजपाल यादव ने सच्चाई स्पष्ट की है.
10-15 कलाकार साथ रहते थे राजपाल के घर
एक मीडिया चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने मेरे घर खाना नहीं खाया. वो उनका ही घर था और उनका ही खाना था, क्योंकि मुझे काम भी उनके कारण ही मिला था. राजपाल ने आगे बताया कि उस समय वहां अलग-अलग राज्यों से आए 10-15 कलाकार साथ रहते थे. किसी के पास काम हो या न हो, इससे किसी को फर्क नहीं पड़ता था. सभी साथ बैठकर खाना खाते थे और हर शाम हंसी-मजाक के साथ समय बिताते थे. उन्होंने कहा कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने उन्हें जो श्रेय दिया, वह उनका बड़प्पन है. लेकिन इसमें से कुछ भी मेरा नहीं था. राजपाल ने विनम्रता से कहा कि वह सब सिर्फ उनका था .