T20 World Cup : International Cricket Council (ICC) ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के लिए टिकट बिक्री की घोषणा कर दी है, लेकिन इन मैचों के अंतिम वेन्यू को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मंगलवार शाम 7 बजे से टिकटों की बिक्री शुरू हुई। टिकट विकल्पों में कोलकाता, मुंबई, अहमदाबाद और कोलंबो शामिल हैं, लेकिन यह अभी तक तय नहीं है कि मुकाबले आखिरकार किस शहर में खेले जाएंगे।
हाइब्रिड मॉडल के कारण अनिश्चितता
T20 वर्ल्ड कप 2026 की सह-मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं। हालांकि पाकिस्तान से जुड़े राजनीतिक तनावों के चलते टूर्नामेंट में हाइब्रिड मॉडल लागू किया गया है। इस व्यवस्था के तहत पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा। इसी वजह से नॉकआउट मुकाबलों के वेन्यू भी टीमों की क्वालिफिकेशन पर निर्भर कर गए हैं।
सेमीफाइनल-1 पर सस्पेंस
दूसरा सेमीफाइनल फिलहाल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में निर्धारित है। हालांकि पहले सेमीफाइनल की परिस्थितियों और टीम संयोजन के आधार पर इसमें भी बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। असली मशला है पहला सेमीफाइनल जो की वेन्यू के लिहाज से पूरी तरह सशर्त है. शर्त है कि यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो पहला सेमीफाइनल मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं यदि भारत के अलावा किसी अन्य टीम के खिलाफ श्रीलंका सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो मैच कोलंबो में ही होगा। और यदि भारत और श्रीलंका आमने-सामने होते हैं, तो मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। यानी पहला सेमीफाइनल कहां होगा यह पूरी तरह क्वालिफाई करने वाली टीमों पर निर्भर रहेगा।
फाइनल अहमदाबाद में…लेकिन शर्त लागू
टूर्नामेंट का फाइनल फिलहाल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। लेकिन यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला कोलंबो स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इस तरह टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच भी कंडीशनल वेन्यू पर निर्भर है। ICC ने संभावित शहरों को समानांतर तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। स्टेडियम प्रबंधन, सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स की तैयारियां एक साथ चल रही हैं। हालांकि सबसे बड़ी असुविधा दर्शकों के सामने है। उन्हें बिना अंतिम वेन्यू की पुष्टि के फ्लाइट और होटल बुकिंग करनी पड़ सकती है। अंतरराष्ट्रीय यात्रा की योजना बनाने वाले प्रशंसकों के लिए यह स्थिति और जटिल हो जाती है।
मैच शिफ्ट होने पर क्या होगा?
ICC ने स्पष्ट किया है कि यदि मैच का वेन्यू बदला जाता है, तो टिकट राशि वापस कर दी जाएगी। हालांकि फ्लाइट, होटल, वीजा या अन्य यात्रा संबंधी खर्चों की भरपाई नहीं की जाएगी। यानी वेन्यू में बदलाव का वित्तीय जोखिम पूरी तरह दर्शकों पर रहेगा। कुल मिलाकर, T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को लेकर रोमांच के साथ-साथ अनिश्चितता भी बनी हुई है। अब सभी की नजरें टीमों की क्वालिफिकेशन और ICC के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।