Bihar crime : बिहार के बिहार के किशनगंज जिले में एक 19 वर्षीय युवती की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा गांव में हुई इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
क्या है पूरा मामला
मृतका के पिता द्वारा कोढ़ोबाड़ी थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, लोहागाड़ा पंचायत वार्ड संख्या 4 निवासी 22 वर्षीय शाहजान आलम (पिता – नासिर आलम) पर आरोप है कि उसने उनकी पुत्री का कथित रूप से अश्लील वीडियो बना लिया था. आरोप है कि आरोपी युवक उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवती पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था.
परिजनों का कहना है कि युवती द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी उसे बदनाम करने की धमकी देता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी. पिता का यह भी आरोप है कि जब उनकी बेटी ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तब मुख्य आरोपी शाहजान आलम ने अपने पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.
सामाजिक बदनामी के डर से युवती उठाया कदम
लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक बदनामी के डर से युवती कथित रूप से अवसाद में चली गई थी. परिजनों का दावा है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी
पिता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. कोढ़ोबाड़ी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सोर्स : मीडिया रिपोर्ट