Bihar Politics : राजनीतिक गलियारों से आ रही तस्वीरों को देखें तो अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि निशांत कुमार जल्द ही जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू) में औपचारिक रूप से शामिल हो सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट में पार्टी के शीर्ष सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि निशांत कुमार के एंट्रि को लेकर सभी स्तरों पर सहमति बन चुकी है और होली के बाद कभी भी इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है.
एक साल से जारी अटकलों पर विराम?
पिछले एक वर्ष से निशांत कुमार के राजनीति में आने और जेडीयू से जुड़ने की चर्चा लगातार होती रही है. मार्च 2025 में होली के बाद उनके शामिल होने की संभावना जताई गई थी. विधानसभा चुनाव के दौरान भी कई बार यह मुद्दा उठा. यहां तक कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में उनकी उपस्थिति के बाद भी अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि तब तक पार्टी की ओर से कोई औपचारिक संकेत नहीं दिया गया था.
पार्टी के भीतर समर्थन
जेडीयू के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक रूप से निशांत कुमार को पार्टी में लाने की वकालत की है. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी चुनाव के बाद उनके सक्रिय राजनीति में आने की आवश्यकता पर जोर दिया था. पार्टी के अंदरूनी हलकों में यह चर्चा है कि भविष्य की नेतृत्व व्यवस्था को लेकर स्पष्टता जरूरी है. ऐसे में निशांत कुमार को संगठन से जोड़ना रणनीतिक कदम माना जा रहा है.
राज्यसभा चुनाव से जुड़ सकता है फैसला
आगामी राज्यसभा चुनाव को भी इस संभावित एंट्री से जोड़कर देखा जा रहा है. जेडीयू की दो सीटों पर चुनाव होना है. इनमें से एक सीट पर रामनाथ ठाकुर के दोबारा नामांकन की संभावना मजबूत मानी जा रही है. वे पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के पुत्र हैं और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका रही है. दूसरी सीट जिस पर वर्तमान में हरिवंश नारायण सिंह प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, उसे लेकर नए नाम पर विचार चल रहा है. पार्टी के भीतर चर्चा है कि इसी सीट के जरिए निशांत कुमार को संसद के उच्च सदन में भेजा जा सकता है. हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
धीरे-धीरे बढ़ेगी भूमिका?
पार्टी सूत्रों के मुताबिक अगर निशांत कुमार शामिल होते हैं तो उन्हें संगठन में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है. हालांकि नेतृत्व का हस्तांतरण तत्काल नहीं होगा, बल्कि उनकी भूमिका धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नीतीश कुमार की लंबे समय से सक्रिय राजनीति में भूमिका और अनुभव की तुलना में निशांत कुमार अभी राजनीतिक रूप से अपेक्षाकृत नए हैं. ऐसे में उन्हें संगठनात्मक और राजनीतिक अनुभव हासिल करने का समय दिया जाएगा.
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
फिलहाल जेडीयू की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है. लेकिन पार्टी के भीतर की चर्चाओं और सूत्रों के दावों के आधार पर माना जा रहा है कि होली के बाद किसी भी समय इस पर अंतिम मुहर लग सकती है. अब सबकी नजर जेडीयू के अगले कदम पर टिकी है, जो बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है.