पटना में सियासी हलचल के बीच बड़ा ऐलान…नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे, बिहार में बनेगी नई सरकार

Nitish Kumar news : पटना में चल रही सियासी हलचलों के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि वे राज्यसभा के लिए चुनाव लड़ेंगे. इस घोषणा के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक अटकलों पर विराम लग गया है.

सोशल मीडिया पर साझा किया इच्छा

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक संदेश साझा करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर विश्वास और समर्थन बनाए रखा है. इसी विश्वास के बल पर उन्होंने राज्य की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की और बिहार को विकास और सम्मान की नई दिशा देने का प्रयास किया. अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें. इसी इच्छा के तहत इस बार वे राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहे हैं.

नीतीश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही वे राज्यसभा जाएंगे, लेकिन बिहार की जनता के साथ उनका रिश्ता पहले की तरह बना रहेगा. उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने का संकल्प पहले की तरह जारी रहेगा और जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा.

बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन?

नीतीश कुमार के इस फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहार की सत्ता अब किसके हाथ में जाएगी. राजनीतिक गलियारों में फिलहाल तीन नामों की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, दिलीप जायसवाल, नित्यानंद राय और सम्राट चौधरी. माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से इन तीन नेताओं में से किसी एक को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. सूत्रों के अनुसार पार्टी के अंदर भी अलग-अलग राय सामने आ रही है. एक तरफ केंद्रीय नेतृत्व नित्यानंद राय के नाम पर विचार कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नीतीश कुमार सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं.

जेडीयू कार्यकर्ताओं में नाराजगी

इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच जनता दल (यूनाइटेड) के कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है. उनका कहना है कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के रूप में जनादेश दिया था, इसलिए उनका पद छोड़कर राज्यसभा जाना उचित नहीं है. फिलहाल बिहार की राजनीति एक नए मोड़ पर खड़ी है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा और नई सरकार का स्वरूप कैसा होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *