CSK Playing XI : पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग के लिए धोनी जैसे दिग्गज खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन से बाहर करना बेहद मुश्किल होगा.
इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका
बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि उन्हें नहीं पता कि टीम मैनेजमेंट की ओर से कोई प्रशासनिक फैसला लिया जाएगा या नहीं, लेकिन टीम के सीईओ पहले ही साफ कर चुके हैं कि धोनी पूरे सीजन खेलने के लिए तैयार हैं. उन्होंने यह भी कहा कि धोनी टीम के रणनीतिक फैसलों का समर्थन करेंगे. हालांकि, बद्रीनाथ का मानना है कि व्यवहारिक तौर पर यह सोचना मुश्किल है कि कोई भी कोच या सपोर्ट स्टाफ जाकर धोनी से कह सके कि वह किसी मैच में नहीं खेलेंगे या उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका निभानी होगी. उनके मुताबिक, धोनी की टीम में स्थिति और उनके अनुभव को देखते हुए ऐसा फैसला लेना आसान नहीं है.
अहम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धोनी का अनुभव
बद्रीनाथ ने आगे कहा कि दुनिया का कोई भी स्पोर्ट्स स्टाफ इतनी आसानी से धोनी जैसे खिलाड़ी को ड्रॉप करने का फैसला नहीं कर सकता. उनका मानना है कि परिस्थितियों को देखते हुए लगभग तय है कि आईपीएल 2026 सीजन में धोनी अधिकतर या सभी मैचों में मैदान पर नजर आ सकते हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धोनी का अनुभव, नेतृत्व और मैच फिनिश करने की क्षमता अब भी बेहद अहम मानी जा रही है. ऐसे में आगामी सीजन में उनकी भूमिका को लेकर फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच चर्चा तेज हो गई है.